भारत माता की जय... के नारों के बीच पेरिस एयरपोर्ट पर उतरे पीएम मोदी
<p><em><strong>प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के दो अहम सहयोगी देशों के दौरे पर हैं। इन देशों का नाम है, फ्रांस और यूएई। सबसे पहले पीएम मोदी फ्रांस के पेरिस शहर पहुंचे हैं। यहां वह 13 और 14 जुलाई को कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद यहां से प्रधानमंत्री यूएई के दौरे पर रवाना हो जाएंगे। </strong></em></p>
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेरिस पहुंच चुके हैं। उनका एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। फ्रांस की पीएम एलिजाबेथ बोर्न ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया। फ्रांस के दौरे के बाद पीएम मोदी दुबई भी जाएंगे। प्रधानमंत्री की यह छठी फ्रांस यात्रा है। उनकी सबसे हालिया यात्रा हिरोशिमा में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी।
फ्रांस के प्रधानमंत्री के साथ पीएम मोदी की पहली बातचीत और फ्रांसीसी सीनेट के अध्यक्ष के साथ मुलाकात होगी। आज होने वाले कार्यक्रम के बाद कल शाम को प्रधानमंत्री भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी के सम्मान में एलिसियन पैलेस में निजी रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा।
भारतीय समय के मुताबिक पीएम मोदी शाम करीब 4 बजे पेरिस पहुंचे। ओरली हवाई अड्डे पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया। फ्रांस के लिए पीएम मोदी ने कहा कि वह अपने मित्र फ्रांस के राष्ट्रपति मैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर 13-14 जुलाई को फ्रांस की यात्रा पर हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यात्रा विशेष इसलिए हैं क्योंकि मैं फ्रांस के राष्ट्रीय बैस्टिल डे समारोह में सम्मानित अतिथि के रूप में राष्ट्रपति मैक्रॉन के साथ शामिल होऊंगा। एक भारतीय त्रि-सेवा दल बैस्टिल डे परेड का हिस्सा होगा, जबकि भारतीय वायु सेना के विमान इस अवसर पर फ्लाई-पास्ट का प्रदर्शन करेंगे।
यूएई पर ये बोले पीएम
यूएई की यात्रा पर पीएम मोदी ने कहा कि पिछले साल राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद और मैं हमारी साझेदारी के भविष्य पर एक रोडमैप पर सहमत हुए, और मैं उनके साथ इस बात पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हूं कि हमारे संबंधों को और गहरा कैसे किया जाए। यूएई इस साल के अंत में यूएनएफसीसीसी (सीओपी-28) के 28वें सम्मेलन की मेजबानी करेगा।
एकमात्र गणमान्य होंगे पीएम मोदी
सेना के तीनों अंगों की एक टुकड़ी 14 जुलाई को फ्रांस में बैस्टिल डे समारोह में हिस्सा लेगी, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विशिष्ट अतिथि होंगे। पहले भी बैस्टिल दिवस परेड में कई नेताओं को आमंत्रित किया गया है। हालांकि इस बार, पीएम मोदी एकमात्र गणमान्य व्यक्ति होंगे। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि मोदी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी 25वें वर्ष में पहुंच गई है। यह फ्रांस का राष्ट्रीय दिवस है, जिसे बैस्टिल डे के रूप में भी जाना जाता है। यह हर साल 14 जुलाई को मनाया जाता है। बैस्टिल दिवस परेड समारोह का मुख्य आकर्षण है।
पनडुब्बी डील की पूरी संभावना
पीएम मोदी फ्रांस के प्रधानमंत्री, सीनेट (उच्च सदन) और नेशनल असेंबली (निचले सदन) के अध्यक्षों सहित फ्रांस के पूरे राजनीतिक नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे। ये उम्मीद है कि इस यात्रा के दौरान भारत सरकार फ्रांस के साथ 26 राफेल-एम और तीन स्कॉर्पीन पनडुब्बियों की खरीद को लेकर डील करे।
96 हजार करोड़ की होगी डील!
यह डील करीब 96 हजार करोड़ रुपए की होगी। राफेल एम यानी राफेल मरीन फाइटर जेट। फ्रांस में कार्यक्रम का समापन राजकीय भोज के साथ होगा, जो 14 जुलाई की शाम को लौवर संग्रहालय में प्रधानमंत्री के सम्मान में आयोजित किया जाएगा। पीएम मोदी की इस यात्रा में सुरक्षा, अंतरिक्ष, असैन्य परमाणु क्षेत्र में संलग्नता, आतंकवाद का मुकाबला, साइबर, नवीकरणीय ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन, तकनीकी और अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा होगी।
फ्रांस से यूएई जाएंगे पीएम मोदी
फ्रांस की यात्रा समाप्त कर पीएम मोदी यूएई के लिए प्रस्थान करेंगे। वे 15 जुलाई को यूएई पहुंचेंगे, जहां वह यूएई के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। इसके बाद पीएम का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। पीएम मोदी के सम्मान में द्विपक्षीय वार्ता और अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। बता दें कि 22 फरवरी को वर्चुअल शिखर सम्मेलन के दौरान यूएई और भारत के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे।
What's Your Reaction?