राहुल गांधी ने तमिलनाडु में चॉकलेट बनाई, फैक्ट्री में पहुंचकर बोले- ऐसा स्वाद कभी नहीं चखा
<p><em><strong>राहुल गांधी ने 12 अगस्त को तमिलनाडु के नीलगिरी का दौरा किया था, जहां वो ऊटी की एक चॉकलेट फैक्ट्री में गए थे।</strong></em></p>
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार (27 अगस्त) को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर की। इसमें वो चॉकलेट बनाते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल, 12 अगस्त को उन्होंने तमिलनाडु के नीलगिरी का दौरा किया था, जहां वो ऊटी की एक चॉकलेट फैक्ट्री में गए थे। वहां उन्होंने चॉकलेट बनाने का पूरा प्रोसेस देखा और सीखा था। वीडियो में राहुल चॉकलेट की तारीफ करते हुए भी नजर आए हैं। उन्होंने कहा कि चॉकलेट का ऐसा स्वाद उन्होंने कभी नहीं चखा।
वीडियो में क्या है?
राहुल द्वारा शेयर किए वीडियो में वो फैक्ट्री में पहुंचते हुए नजर आते हैं। सबसे पहले वो मॉडीज चॉकलेट्स फैक्ट्री के मालिक मुरलीधर राव और उनकी पत्नी स्वाति से मिलते हैं। इसके बाद, वो चॉकलेट बनाना सीखते हुए नजर आते हैं। वे हाथ में ग्लव्स और ऐप्रन पहनकर चॉकलेट को उसके खांचे में डालते हुए नजर आते हैं। इस दौरान वे वहां मौजूद महिला कर्मचारियों से बातचीत भी कर रहे होते हैं।
70 महिलाओं की टीम चॉकलेट फैक्ट्री को चलाती है
राहुल ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- 70 महिलाओं की एक टीम ऊटी की पॉपुलर चॉकलेट फैक्ट्री को चलाती है। मॉडीज चॉकलेट्स की कहानी भारत के एमएसएमई सेक्टर की क्षमता का एक बेहतरीन उदाहरण है। इस छोटे से व्यवसाय के पीछे मुरलीधर राव और उनकी पत्नी स्वाति की कहानी काफी इंस्पायरिंग है।
मॉडीज भी गब्बर सिंह टैक्स का बोझ झेल रही
राहुल ने वीडियो में कहा कि यहां पर काम करने वाली महिलाओं की टीम काफी शानदार है। लेकिन देश के अनगिनत अन्य छोटे और मध्यम बिजनेस की तरह मॉडीज भी गब्बर सिंह टैक्स का बोझ झेल रही है। इन एमएसएमई को बचाने के लिए जीएसटी की एक समान दर लागू करने की जरूरत है।
What's Your Reaction?