राष्ट्रपति के खिलाफ विवादित टिप्पणीः सड़कों पर उतरे आदिवासी समाज के लोग, बंगाल के मंत्री की गाड़ी रोकी
<p><em><strong>अखिल गिरी के खिलाफ एक के बाद एक शिकायत दर्ज कराने का क्रम भी जारी है।</strong></em></p>
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर की गई विवादित टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के साथ-साथ कांग्रेस भी पश्चिम बंगाल के मंत्री अखिल गिरी के बयान का विरोध कर रही है। अखिल गिरी के खिलाफ एक के बाद एक शिकायत दर्ज कराने का क्रम भी जारी है। रविवार, 13 नवंबर की सुबह भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू पुलिस स्टेशन में गिरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। अखिल गिरी की टिप्पणी के विरोध में आदिवासी समाज के लोगों ने बांकुड़ा में सड़क जाम कर दी। रविवार सुबह से ही कई आदिवासी समितियों के समर्थक खटड़ा, बांकुड़ा में सड़कों पर उतर आए। सभी ने पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री ज्योत्सना मंडी की कार रोककर जोरदार प्रदर्शन किया।
बीजेपी पहले ही विवादित टिप्पणी के लिए मंत्री अखिल गिरी के खिलाफ मालदा, हब्बिबपुर में शिकायत दर्ज करा चुकी है। इतना ही नहीं, कांग्रेस भी बढ़-चढ़कर पश्चिम बंगाल के मंत्री के इस बयान की निंदा कर रही है।
राजनीति ब्यूटी काॅन्टेस्ट नहीं
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने भी अखिल गिरी के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा, ‘राजनीति कोई ब्यूटी कॉन्टेस्ट नहीं है लेकिन ये बात टीएमसी नेताओं को कौन सिखाएगा? टीएमसी को पाठ पढ़ाने का एक ही तरीका है, वो राज्य में सत्ता परिवर्तन लाना है।
बता दें कि नंदीग्राम में एक रैली को संबोधित करते हुए टीएमसी नेता अखिल गिरि ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर रंगभेदी टिप्पणी की थी। गिरि ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी विरोधी दल के नेता हैं तो शोभनीय बातें कहें लेकिन वो कहते हैं कि मैं देखने में खराब हूं। ऐसा है तो फिर द्रौपदी मुर्मू देखने में कैसी हैं? शुभेंदु से कहिए तो यहां नंदीग्राम में आकर बोले कि द्रौपदी मुर्मू देखने में कैसी हैं। मनोज टिग्गा देखने में कैसे हैं। तुम देखने में सुंदर हो लेकिन भीतर से पूरा कैंसर हो।
बीजेपी सांसद सौमित्र खान ने राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र लिखकर अखिल गिरि को तुरंत गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की थी। इतना ही नहीं, उन्हें विधायक पद से भी बर्खास्त करने की मांग भी की गई है। साथ ही, बीजेपी ने नंदीग्राम में टीएमसी मंत्री अखिल गिरि के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
What's Your Reaction?