मेघालय के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक से सीबीआई ने की पूछताछ
मेघालय के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने नई दिल्ली में स्थित मुख्यालय में पूछताछ की है। सूत्रों के अनुसार उनसे यह पूछताछ 300 करोड़ रुपये की रिश्वत के संदर्भ में की गई है।
उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष राजस्थान के झुंझुनूं जिले में आयोजित एक समारोह के दौरान उन्होंने कहा था, 'मैं श्रीनगर के दो मामलों के लिए प्रधानमंत्री के पास गया था। दोनों गलत थे, कैंसिल कर दिए। मुझे डेढ़-डेढ़ सौ करोड़ रुपये रिश्वत की पेशकश हुई थी। मुझे कुछ नहीं चाहिए। पांच कुर्ते-पायजामे में आया था, उसी में चला जाऊंगा।'
कार्यक्रम में सत्यपाल मलिक ने दावा किया था कि जब वह जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल थे तो उनके पास दो फाइलें आई थीं। इनमें से एक फाइल अंबानी की थी। दूसरी आरएसएस से जुड़े एक शख्स की जो पिछली महबूबा मुफ्ती सरकार में मंत्री थे। यह सरकार बीजेपी के साथ गठबंधन में बनी थी। ये शख्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी थे। उन्हें पता चला कि इनमें घोटाला है। लिहाजा, उन्होंने दोनों मामलों को रद्द कर दिया। दोनों फाइलें क्लीयर करने के लिए उन्हें 150-150 करोड़ रुपये रिश्वत की पेशकश की गई थी। इस ऑफर के बारे में उन्हें सचिवों ने बताया था।
हालांकि, तब मलिक ने यह कहते हुए इसे मना कर दिया था कि वह पांच कुर्ते-पायजामे के साथ आए हैं। सिर्फ उन्हीं के साथ चले जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए यह भी कहा था कि उस वक्त प्रधानमंत्री उनसे बोले थे कि वह भ्रष्टाचार से कोई समझौता नहीं करें। इन दावों की जांच के लिए केंद्र सरकार से सिफारिश की गई थी। इसे सरकार मंजूर कर चुकी है।
What's Your Reaction?