पूर्व केंद्रीय वित्त सचिव और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार अरविंद मायाराम के ठिकानों पर सीबीआई के छापे
<p><em><strong>सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन यानी सीबीआई ने मनमोहन सिंह सरकार में वित्त सचिव रहे अरविंद मायाराम के ठिकानों पर गुरुवार को छापा मारा है। सीबाई ने 1688 करोड़ के धोखाधड़ी के मामले में पूर्व वित्त सचिव मायाराम के जयपुर और दिल्ली स्थित ठिकानों पर छापा मारा। जांच के अनुसार मायाराम पर आरोप है कि वे करंसी छपाई के लिए दिए गए टेंडर में हुई अनियमितता में शामिल रहे थे।</strong></em></p>
सूत्रों के अनुसार छापेमारी में सीबीआई को कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज मिले हैं। हालांकि, सीबीआई के अधिकारियों का अब तक कोई बयान नहीं आया है लेकिन सूत्रों के मुताबिक अरविंद मायाराम के साथ आरबीआई के कुछ अधिकारियों की भी इस मामले में जांच की जा रही है। सीबीआई की टीम जयपुर में मायाराम के घर मौजूद है और जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि अरविंद मायाराम ने 2012-14 के दौरान भारत के वित्त सचिव के रूप में काम किया था। कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार में वित्त मंत्री रहे पी चिदंबरम के कार्यकाल के दौरान मायाराम को ग्रामीण विकास मंत्रालय में स्थानांतरित कर दिया गया था।
वर्ष 1978 बैच के आईएएस अधिकारी मायाराम राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मुख्य आर्थिक सलाहकार भी रह चुके हैं। मायाराम ने फाइनेंस में पीएचडी की है। वे विश्व बैंक, एशियाई विकास बैंक और अफ्रीकी विकास बैंक के बोर्डों में भारत के वैकल्पिक गवर्नर के रूप में भी काम कर चुके हैं।
अरविंद मायाराम ब्रिक्स न्यू डेवलपमेंट बैंक और एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (AIIB) के लिए भारत के मुख्य वार्ताकार और G-20 के फ्रेमवर्क वर्किंग ग्रुप के सह-अध्यक्ष भी रह चुके है। इसके अलावा वे भारतीय रिजर्व बैंक, भारतीय प्रतिभूति विनिमय बोर्ड और भारतीय जीवन बीमा निगम के बोर्ड का हिस्सा रहे थे।
What's Your Reaction?