मुंबई में लहरों में बह गया कपल, पत्नी की मौत: पत्थर पर बैठकर वीडियो बनवा रहे थे 

<p><em><strong>बांद्रा फोर्ट में चट्टान पर बैठे पति-पत्नी लहरों के बीच फोटो खिंचवा रहे थे, तभी हादसा हो गया। अचानक एक लहर इस जोड़े को बहा ले गई। पति को लोगों ने बचा लिया लेकिन पत्नी डूब गई।</strong></em></p>

मुंबई में लहरों में बह गया कपल, पत्नी की मौत: पत्थर पर बैठकर वीडियो बनवा रहे थे 
17-07-2023 - 08:17 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

मुंबई के बांद्रा बैंडस्टैंड में समुद्र में चट्टान पर बैठकर फोटो क्लिक करवा रहा एक कपल लहरों में बह गया। हादसे में पत्नी की मौत हो गई। पति का नाम मुकेश (35) और पत्नी का नाम ज्योति (32) है। घटना बीते रविवार को हुई जब यह कपल अपने बच्चों और परिवार के लोगों के साथ पिकनिक मनाने निकला था। जब महिला पानी में बही तो बच्चे मम्मी-मम्मी चिल्लाते रह गए। वीडियो में ये पूरा वाकया कैद हो गया। वहीं, मुंबई के मार्वे बीच पर नहाने गए 5 लड़के पानी में डूब गए। ये सभी लड़के 12 से 16 साल के थे। इनमें से दो को रेस्क्यू कर लिया गया है।
जुहू बीच पर एंट्री नहीं मिली, तो बांद्रा गया था परिवार
हादसे वाले दिन परिवार जुहू चैपाटी पर पिकनिक मनाने निकला था, लेकिन हाई टाइड के चलते उन्हें जुहू बीच पर एंट्री नहीं मिली। इसके बाद परिवार बांद्रा बैंडस्टैंड पहुंचा। बांद्रा फोर्ट पहुंचकर परिवार समुद्र के पास खड़े होकर तस्वीरें लेने लगा। इसके बाद मुकेश (35) और ज्योति (32) समुद्र में कुछ दूर जाकर चट्टान पर बैठ गए और फोटो-वीडियो क्लिक करवाने लगे। परिवार के लोग दूर से वीडियो क्लिक करते हुए उन्हें किनारे पर आने को बोलते रहे, लेकिन कपल वहीं बैठा रहा। इतने में ही एक बेहद ऊंची लहर दोनों को अपने साथ बहाकर ले गई।
लोगों ने मुकेश को खींचकर बाहर निकाला
मुकेश ने ज्योति की साड़ी पकड़कर उसे खींचने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना जोरदार था कि ज्योति दूर बह गई। वहां मौजूद अन्य लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए मुकेश के पैर पकड़कर उसे पानी से बाहर खींचा। वहां मौजूद और लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सोमवार को कोस्टगार्ड्स को ज्योति की बॉडी मिली।
मुंबई के मार्वे बीच पर पांच लड़के डूबे, तीन अब भी लापता
वहीं, रविवार को मुंबई के मार्वे बीच पर नहाने गए पांच लड़के समुद्र में डूब गए। सभी की उम्र 12 से 16 साल के बीच हैं। घटना सुबह करीब पौने दस बजे हुई, जबकि इसकी खबर पुलिस को साढ़े दस बजे मिली। पुलिस ने कोस्ट गार्ड की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जिसमें दो लड़कों को रेस्क्यू कर लिया गया है। तीन लड़के अब भी लापता हैं। समुद्र में करीब आधा किलोमीटर तक उनकी खोज की जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।