डिग्गी स्थित कल्याणधणी की 58वीं पदयात्रा जयपुर में ताड़केश्वर मंदिर से शुरू

<p><em>जयपुर से लगभग 70 किलोमीटर की दूरी पर डिग्गी में स्थित कल्याणधणी की 58वीं लक्खी पदयात्रा आज मंगलवार, 22 अगस्त से शुरू हो गई है। इस पदयात्रा में हजारों कल्याणधणी के भक्त पैदल ही जयकारे लगाते हुए यात्रा पर निकल जाते हैं। कल्याणधणी की यह पदयात्रा आज जयपुर के चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर मंदिर से रवाना हुई।</em></p>

डिग्गी स्थित कल्याणधणी की 58वीं पदयात्रा जयपुर में ताड़केश्वर मंदिर से शुरू
22-08-2023 - 11:01 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

डिग्गी कल्याणजी  मंदिर तक जाने वाली यह यात्रा जयपुर में दुर्गापुरा, सांगानेर से होती हुई मदरामपुरा, रैनवाल, हरसूलिया, फागी, चोसला होकर पांच दिनों के बाद निज धाम डिग्गी पहुंचती है। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह यात्रियों द्वारा भजन-कीर्तन व सत्संग के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और ये पूरा राज्य हाईवे भक्तिमय हो जाता है।

डिग्गी कल्याण जी की यह यात्रा पूरे 24 कोस की होती है। श्रावण के महीने में ही इस यात्रा की शुरुआत होती है जिसमें शामिल होने राजस्थान के कोने कोने से लोग आते हैं। इसी दौरान डिग्गी कल्याणजी मंदिर पर एक मेला भी भरता है। जिस मार्ग से पदयात्री निकलते हैं, उस पर लोग बड़े-बड़े भंडारे लगाते हैं और यात्रियों के खाने-पीने का प्रबंध करते हैं। विशेषरूप से टोंक पर तो सोमवार रात से ही जगह-जगह टैंट लग गये हैं और यात्रियों को खिलाने की सामग्री तैयार होनी शुरू हो गयी है।डिग्गी गांव में स्थित भगवान अनिरुद्ध के इस मंदिर का निर्माण 10वीं शताब्दी में हुआ था। प्रतिहार शैली में निर्मित इस मंदिर में सालभर हर पूर्णिमा के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु देश के कोने-कोने से पहुंचते हैं। मान्यता है कि डिग्गी कल्याण मंदिर के दर्शन कर आने से कोढ़ जैसी गंभीर बीमारी भी ठीक हो जाती है। यहां के लोग इन्हें कोढ़ रक्षक देवता के नाम से भी जानते है और इसलिए इस मंदिर का अपना ही एक खास महत्व भी है।

राजस्थान रोडवेज बसों के किराये में छूट

राजस्थान में मुख्यमंत्री की बजट घोषणा वर्ष 2023-24 में प्रदेश में लक्खी मेलों में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की साधारण एवं एक्सप्रेस बसों के किराये में मिलने वाली रियायत को 30 प्रतिशत से बढाकर 50 प्रतिशत किया गया था। इसके साथ ही छूट के दायरे में शामिल लक्खी मेलो की संख्या को भी 3 से बढाकर 15 किया गया था।
निगम के प्रबन्ध निदेशक नथमल डिडेल ने सोमवार को बताया कि श्रद्धालु मुख्यमंत्री की इस बजट घोषणा का लाभ 22 अगस्त से 26 अगस्त तक डिग्गी कल्याण जी लक्खी मेले में ले सकेगे।कार्यकारी निदेशक (यातायात) संजीव कुमार पाण्डेय ने मेले के मद्देनजर श्रृद्धालुओं की सुविधा के लिए सवाई माधोपुर, दौसा, जयपुर एवं विधाधर नगर आगर से 5-5 अतिरिक्त बसें वैशाली नगर एवं टोंक आगार को आवंटित करने के आदेश जारी किये है। उन्होने बसों की कंडीशन, शिडयूल एवं चालक-परिचालको की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये। निगम का लगातार प्रयास है कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय की घोषणा अनुरूप अधिकतम लोगो को लाभ मिल सके।
श्रद्धालु बसों के संचालन संबंधी जानकारी टोल फ्री नंबर 18002000103/149 एवं विभागीय वेबसाइट www.rsrtconline.rajasthan.gov.in पर प्राप्त कर सकते है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।