डूरंड लाइन पर घमासान, पाकिस्तान और तालिबान में जमकर फायरिंग
पाकिस्तान की नीयत और फितरत अब उसके पाले हुए तालिबान को भी समझ आने लगी है। यही वजह है कि तालिबान अब पाकिस्तान के लिए भस्मासुर बन गया है। अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में आने के बाद पाकिस्तान के साथ लगने वाली सीमा डूरंड लाइन पर लगातार तनाव बना हुआ है और यहां कई बार गोलीबारी हो चुकी है। अब एक बार फिर से गोलीबारी का मामला देखने को मिला है। यह अफगानिस्तान के पाकटिया प्रांत के दंड पाटन इलाके में देखने को मिली है। पाकिस्तान पर पहले गोलीबारी करने का आरोप लगाया जा चुका है।
अफगानिस्तान के टोलो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक करीमी ने ट्वीट कर कहा, 'सैद्धांतिक रूप से डूरंड लाइन के करीब सैन्य सुविधाओं से जुड़ा निर्माण नहीं किया जाना चाहिए। लेकिन, कल पाकिस्तानी सेना ने लाइन के बेहद करीब पोस्ट बनाने की मांग की थी।' उन्होंने ट्वीट कर आगे कहा, 'इस्लामिक अमीरात के सदस्य जब उनके पास बातचीत के लिए गए तो पाकिस्तानी सैनिकों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें कई लोग मारे गए।'
वीडियो हुआ था वायरल
डूरंड लाइन पर गोलीबारी के साथ ही जुबानी जंग भी चालू रहती है। हाल ही में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक तालिबानी और पाकिस्तानी सैनिक के बीच जुबानी जंग चल रही थी। इस वीडियो में तालिबानी कमांडर ने पाकिस्तान के सेना अधिकारियों से कहा, 'अगर मैं अमेरिका, चीनी या भारतीय लोगों को लाइन के इस ओर लाता हूं और वे अफगानिस्तान के हिस्से में घूमें तो इससे आपको कोई मतलब नहीं होना चाहिए। हम आपके साथ इसलिए संयम दिखा रहे हैं क्योंकि आप लोग मुसलमान हैं। नहीं तो जैसे हम अमेरिका के खिलाफ लड़े वैसे आप से भी लड़ सकते हैं।'
What's Your Reaction?