हिमाचल में मुख्यमंत्री पर रार... कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले प्रतिभा समर्थकों का हंगामा, बघेल के सामने नारेबाजी

<p><em><strong>चुनाव पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राजीव शुक्ला चौड़ा मैदान स्थित होटल से निकलकर राजभवन जाने लगे तो प्रतिभा के समर्थक उनकी गाड़ियों के आगे खड़े हो गए।</strong></em></p>

हिमाचल में मुख्यमंत्री पर रार... कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले प्रतिभा समर्थकों का हंगामा, बघेल के सामने नारेबाजी
10-12-2022 - 06:55 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को मुख्यमंत्री बनाने के नारे शुक्रवार, 9 दिसंबर को राजधानी शिमला में खूब गूंजे। चौड़ा मैदान में चुनाव पर्यवेक्षकों की गाड़ियों के आगे खड़े होकर प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने खूब हंगामा किया। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन और हॉलीलॉज में भी सैकड़ों समर्थकों ने नारेबाजी कर प्रतिभा को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की। 
शुक्रवार दोपहर बाद चुनाव पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राजीव शुक्ला चौड़ा मैदान स्थित होटल से निकलकर राजभवन जाने लगे तो प्रतिभा के समर्थक उनकी गाड़ियों के आगे खड़े हो गए। उन्होंने प्रतिभा को मुख्यमंत्री बनाने को लेकर नारेबाजी की। समर्थकों को काबू करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। कुछ समय के लिए चौड़ा मैदान में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। 
उधर, हॉलीलॉज में भी सुबह से जुट रहे समर्थकों ने प्रतिभा सिंह के पक्ष में नारेबाजी की। दोपहर बाद विधायक दल की बैठक की जानकारी मिलते ही समर्थक प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन के बाहर एकत्रित हो गए। समर्थकों ने हॉलीलॉज सातवीं बार, हमारा सीएम कैसा हो-रानी साहिबा जैसा हो.. के नारे लगाए। देर शाम को प्रतिभा सिंह बैठक के लिए कांग्रेस कार्यालय पहुंची।
सीएम पर अंतिम निर्णय हाईकमान लेगा: शुक्ला
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि सीएलपी बैठक के लिए सभी विधायकों के आगमन की प्रतीक्षा की जा रही है। जहां एक प्रस्ताव पारित किया जाएगा और अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान की ओर से लिया जाएगा।
सुक्खू समर्थकों की होटल के बाहर नारेबाजी
विधायक दल की बैठक से पहले सुखविंदर सिंह सुक्खू के समर्थक विधायकों ने राजधानी शिमला के होटल हिमलैंड में रणनीति बनाई। विधायकों के होटल में पहुंचने की सूचना मिलते ही समर्थकों ने भी हिमलैंड में डेरा डाला। समर्थकों ने सुक्खू को मुख्यमंत्री बनाने को लेकर नारेबाजी भी की। देर शाम तक सुक्खू सहित कई विधायक होटल में ही रहे। यहीं से सभी विधायक एक साथ प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला गए।
सरकार बनाने का दावा 
हिमाचल प्रदेश में नई सरकार का गठन करने के लिए कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे राजभवन पहुंचकर दावा पेश किया। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर चुनाव पर्यवेक्षक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए पत्र सौंपा।
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।