कमरे के वीडियो लीक पर विराट का गुस्सा पहुंचा सातवें आसमान पर
<p><em><strong>जबसे टी20 वर्ल्ड कप शुरू हुआ है, तबसे कोई ना कोई विवाद भी साथ ही चल रहा है। पहले कपिलदेव की टिप्पणी, फिर ठंडा खाना विवादऔर अब स्टार क्रिकेटर विराट कोहली अपने होटल के कमरे का वीडियो लीक होने से बेहद नाखुश हैं। कोहली ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पोस्ट पर एक वीडियो शेयर करके गुस्सा जाहिर किया और लोगों से अपील की है कि उनकी निजता का सम्मान किया जाए।</strong></em></p>
कोहली ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें लिखा हुआ है किंग कोहली के होटल का कमरा। इस छोटी सी क्लिप में विराट कोहली के होटल के कमरे में रखी हुई सभी चीजें दिखाई दे रही हैं। वहां कोहली के जूते, सूटकेस में रखा सामन और कपड़े व उनके पाउडर वगैरह रखे हुए दिखे। कोहली को अपनी प्राइवेसी पसंद है और यह वीडियो सामने आने के बाद वो बहुत नाराज हुए हैं।
कोहली ने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा, 'मैं समझता हूं कि फैंस को अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को देखने और उनसे मिलने में खुशी होती है और में इसकी सराहना करता हूं। मगर यह वीडियो डराने वाला है और इसने मुझे मेरी प्राइवेसी को लेकर संशय में डाल दिया है। अगर मुझे अपने ही होटल के कमरे में प्राइवेसी नहीं मिलेगी तो मैं अपना निजी स्पेस कहां देखूं या पाऊं? मेरी निजता में इस तरह दाखिल होने वालों के साथ मैं ठीक नहीं हूं। कृपया लोगों की निजता का सम्मान करें और उनके साथ किसी चीज या मनोरंजन वाला व्यवहार नहीं करें।'
दरअसल कोहली के होटल रूम का वीडियो किसी फैन ने लीक कर दिया है जिस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की है। इससे पहले भी एक बार स्टेडियम में मौजूद अनुष्का के साथ वामिका की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। उस वक्त भी उन्होंने इस पर नाराजगी जाहिर की थी। कोहली से पहले कई और खिलाड़ियों और सेलिब्रिटी ने पर्सनल स्पेस को लेकर मीडिया से अपील की है। फिलहाल पूर्व कप्तान ऑस्ट्रेलिया में टीम इंडिया के साथ हैं।
वीडियो में नजर आ रहा है कि कोहली के कमरे में कोई होटल स्टाफ के साथ ही दाखिल हुआ और उसने वीडियो बनाया है। अंत में तीन लोग इस वीडियो में नजर आए हैं। कोहली ने जो संदेश दिया है, उम्मीद करते हैं कि लोग इस बात को गंभीरता से लेंगे और अब उनके साथ इस तरह का उल्लंघन नहीं होगा। भारतीय फैंस और टीम चाहती है कि कोहली अपना पूरा ध्यान क्रिकेट पर लगाएं ताकि इस बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब भारत जीते।
What's Your Reaction?