भारत-पाक हाई वोल्टेज मुकाबले में भारत ने मारी बाजी, कोहली ने दिया भारत को दिवाली पर जीत का तोहफा

यादगार पल

• मैच में राष्ट्रगान के दौरान रोहित शर्मा भावुक हो गए और रो पड़े।
• एशियाई फैंस के साथ भारत पाक के मैच के रोमांच में रंगा मेलबर्न
• रोहित को जीत पर नहीं हुआ विश्वास, मैदान में ही कोहली को उठा लिया कंधों पर
• विराट कोहली ने टीम से बाहर करने की सलाह देने वालो को दिया मुहतोड़ जवाब

भारत और पाकिस्तान की टीमें टी20 वर्ल्ड कप के 16वें मुकाबले में ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर करीब एक लाख दर्शकों के सामने भिड़ी. विराट कोहली की कमाल की पारी के दमपर टीम इंडिया ने इस मैदान में ऐतिहासिक जीत दर्ज की। रविचंद्रन अश्विन ने आखिरी बॉल पर एक रन बनाकर भारत के नाम ऐतिहासिक जीत लिखी।
विराट कोहली ने 82 रनों की नाबाद पारी खेलकर भारत को जिताने में अहम रोल अदा किया। हार्दिक पंड्या ने भी 40 रनों की उपयोगी पारी खेली। इससे पहले भारतीय बॉलर्स अर्शदीप सिंह और हार्दिक पंड्या ने मैच के शुरुआती ओवर्स और मिडिल ओवर्स में शानदार बॉलिंग की, जिसके चलते पाकिस्तान ने भारत को जीत के लिए 160 रनों का टारगेट दिया था.
जवाब में भारतीय टीम ने एक वक्त 31 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने विराट कोहली के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 78 गेंदों में 113 रन की साझेदारी निभाई। आखिरी पांच ओवर में भारत को जीत के लिए 60 रन की जरूरत थी। 16वें ओवर में छह रन बने और इसके बाद 17वें ओवर में छह रन बने।
मैच का रुख पलटा
18वें ओवर में कोहली ने गियर बदला और शाहीन अफरीदी के ओवर में तीन चौके लगाए। 18वें ओवर में भारत ने 17 रन बटोरे। आखिरी दो ओवर में टीम इंडिया को 31 रन चाहिए थे। 19वें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर कोहली ने दो छक्के लगाए। उस ओवर में हारिस रऊफ गेंदबाजी कर रहे थे।
आखिरी ओवर में भारत को 16 रन की जरूरत थी। मोहम्मद नवाज गेंदबाजी के लिए आए और पहली गेंद पर हार्दिक पांड्या को पवेलियन भेजा। हार्दिक 37 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुए। दूसरी गेंद पर कार्तिक ने एक रन लिया। तीसरी गेंद पर कोहली ने दो रन लिए।
चौथी गेंद पर कोहली ने छक्का लगाया। अंपायर ने हाइट की वजह से इसे नो बॉल दिया। इसके बाद नवाज ने फ्री हिट में वाइड बॉल डाली। चौथी गेंद पर कोहली ने बाई में तीन रन लिए। पांचवीं गेंद पर कार्तिक आउट हो गए। वह एक रन बना सके। आखिरी गेंद पर नवाज ने पहले वाइड बॉल फेंकी और इसके बाद अश्विन ने एक रन लेकर मैच जिता दिया।
उल्लेखनीय है कि कप्तान रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया पहली बार किसी वर्ल्ड कप में उतर रही है। भारत को पाकिस्तान के हाथों पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में 10 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में मेलबर्न में अब टीम इंडिया बाबर आजम की इस आर्मी को धोकर अपना बदला पूरा करना चाहती थी।
What's Your Reaction?