नेपाल के 'जनरल' बने भारत के थल सेना प्रमुख मनोज पांडे
भारत के थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे को नेपाल की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने नेपाली सेना के जनरल की मानद उपाधि से सम्मानित किया। उन्होंने सोमवार, 5 सितंबर को अपने आधिकारिक निवास ‘शीतल निवास’ में एक विशेष समारोह में जनरल पांडे को मानद उपाधि से सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि नेपाल और भारत के थल सेना प्रमुखों द्वारा एक-दूसरे के देश की यात्राएं करने और एक-दूसरे देश के थल सेना प्रमुखों को मानद जनरल की उपाधि प्रदान करने की लंबी परंपरा रही है। यह परंपरा 1950 में शुरू हुई थी। जनरल पांडे रविवार से 5 दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नेपाल में हैं। अपनी इस यात्रा के दौरान वे नेपाल के शीर्ष नागरिक और सैन्य नेतृत्व के साथ विस्तृत बातचीत करेंगे और दोनों पड़ोसी देशों के बीच के रक्षा संबंधों को मजबूत बनाने पर जोर देंगे।
नेपाली सेना ने बताया है कि भारत के थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे ने नेपाली थल सेनाध्यक्ष जनरल प्रभु राम शर्मा को विभिन्न गैर-घातक सैन्य साजोसामान सौंपे। नेपाली सेना मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार भारत ने चार घोड़े, 10 एमपीवी (बारूदी सुरंग से सुरक्षित वाहन) और कुछ चिकित्सा उपकरणों सहित गैर-घातक साजोसामान सौंपे। यह सहायता 22.38 करोड़ नेपाली रुपये (17,51,821 अमेरिकी डॉलर) के बराबर है। यह भारतीय सेना द्वारा दी गई विशेष सहायता है, जिसमें 60 प्रतिशत अनुदान सहायता शामिल है।
What's Your Reaction?