अतिथि देवो भवः का भाव लिए तैयार है इंदौर..! रविवार, 8 जनवरी से शुरू होगा 17वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन 2023,
<p>17वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्‍मेलन 2023 रविवार, 8 जनवरी से इंदौर में शुरू हो रहा है। इस तीन दिवसीय प्रवासी भारतीय सम्मेलन (पीबीडी) का 9 जनवरी को औपचारिक उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 10 जनवरी को सम्मेलन के समापन पर अपना संबोधन देंगी।</p>
66 देशों से 2705 प्रतिनिधि होंगे शामिल
सरकार की तरफ़ से जानकारी देते हुए वरिष्ठ अधिकारी एपी सिंह का कहना था कि कुल 66 देशों से 2705 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इस समारोह में विदेश मंत्रालय की साझेदारी है जबकि निवेशकों का सम्मलेन पूरी तरह से राज्य सरकार आयोजित कर रही है।
सिर्फ़ यूएई से ही 715 प्रवासी भारतीय होंगे शामिल
मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित होने वाले 17वें प्रवासी भारतीय सम्मेलन में सबसे ज़्यादा खाड़ी देशों से भागेदारी हो रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिर्फ़ यूएई से ही 715 प्रवासी भारतीयों ने सम्मेलन में शामिल होने के लिए विदेश मंत्रालय के समक्ष अपना पंजीकरण कराया है।
इसके अलावा क़तर से 275 प्रवासी आ रहे हैं जबकि ओमान से 233, कुवैत से 95 और बहरीन से 72 प्रतिनिधियों ने सम्मलेन में भागेदारी की स्वीकृति हासिल कर ली है। अमेरिका से भी 167 प्रतिनिधि शामिल होने आ रहे हैं। युएई के बाद मॉरिशस ऐसा देश है जहां से 447 प्रतिनिधि सम्मलेन में शामिल हो रहे हैं।
विदेशी मेहमानो के लिए तैयार है "चटोरों का स्वर्ग "
प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के लिए शहर की चाट-चौपाटियां भी सज रही हैं। कुल 108 दुकानों वाली चौपाटी की विशेष साज-सज्जा की गयी है। चौपाटी संचालकों ने इस सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों के स्वागत में लाल कालीन बिछाते हुए उन्हें पारंपरिक व्यंजन निःशुल्क परोसने की तैयारी की है। शहर की सर्राफा चौपाटी ‘‘चटोरों के स्वर्ग" के रूप में जानी जाती है।
भारतीय खाद्य सुरक्षा नियामक (FSSAI) ने इसे ‘‘क्लीन स्ट्रीट फूड हब’’ का दर्जा भी दिया है। पूर्व होलकर शासकों के राजमहल राजबाड़ा से सटी इस चौपाटी की खासियत है कि यह हर रोज रात को तब से आबाद होती है, जब सर्राफा बाजार में जेवरात की दुकानें बंद हो जाती हैं।
जानकारी के लिए बता दें, पीबीडी सम्मेलन के मुख्य अतिथि को-ऑपरेटिव गणराज्य गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफ़ान अली और सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी विशिष्ट अतिथि होंगे। ऑस्ट्रेलिया की संसद सदस्य, ज़नेटा मैस्करेनहास, 8 जनवरी को यूथ प्रवासी सम्मेलन में सम्मानित अतिथि होंगी। पीबीडी का विषय ‘प्रवासी अमृत काल में भारत की प्रगति के लिए विश्वसनीय भागीदार’ है।
What's Your Reaction?