जैकलीन-नोरा तो शुरूआत है, चार और हीरोइनें भी हैं रडार पर
बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडिस का नाम सुकेश चंद्रशेखर मनी लॉन्ड्रिंग केस में सामने आ रहा है । दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) जैकलीन से इसको लेकर हाल ही में अलग अलग मौकों पर पूछताछ कर चुकी है। इस बीच, गुरुवार को नोरा फतेही से भी पूछताछ हुई। लेकिन, अभी टीम उन चार अभिनेत्रियों से भी पूछताछ कर सकती है, जिन्होंने तिहाड़ जेल में सुकेश चंद्रशेखर से मुलाकात की थी। इन चार अभिनेत्रियों के नाम निकिता तंबोली, चाहत खन्ना, सोफिया सिंह और अरुषा पाटिल हैं।
पुलिस ने बताया कि सुकेश की पत्नी लीना मारिया का चेन्नई में एक स्टूडियो है। बकौल नोरा, उन्हें इसी के इवेंट के लिए बुलाया गया था। नोरा को पैसे के बदले कार गिफ्ट करने की पेशकश की गई। लीना मारिया ने अपने पति (सुकेश) को उनका फैन बताया था और स्पीकर पर बात भी कराई थी। लीना ने बैग और फोन गिफ्ट किया और बीएमडब्ल्यू गिफ्ट करने का ऐलान किया था। नोरा के पास पहले से ही बीएमडब्ल्यू थी और इसीलिए बाद में इसे उनके रिश्तेदार के पति बॉबी को गिफ्ट किया गया, जिसकी कीमत 65 लाख रुपये थी। बॉबी को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
नोरा ने कबूल किया कि वॉट्सऐप पर उसकी सुकेश से बात हुई थी। जब सुकेश बार-बार कॉल करने लगा तो उसे शक हुआ और उससे सभी तरह के संपर्क तोड़ लिए। नोरा को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाने के बारे में अफसरों ने बताया कि नोरा और जैकलीन को सुकेश से मिलवाने में पिंकी की अहम भूमिका थी। इसलिए नोरा और पिंकी को एक साथ बुलाया गया, जिससे दोनों के बयानों के बीच हुए विरोधाभासों को दूर किया गया।
What's Your Reaction?