जयपुर में बेरहमी से कुत्ते की हत्या: सीढ़ियां चढ़ते वक्त रास्ते में आया तो लातों से पीटा, दूसरे फ्लोर से नीचे फेंका, आंतों में सरिया घुसा

<p><em><strong>जयपुर में चार युवकों ने एक कुत्ते की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। उसे सेकेंड फ्लोर से नीचे फेंक दिया। दीवार में लगे सरिये पर गिरने से उसकी मौत हो गई।</strong></em></p>

जयपुर में बेरहमी से कुत्ते की हत्या: सीढ़ियां चढ़ते वक्त रास्ते में आया तो लातों से पीटा, दूसरे फ्लोर से नीचे फेंका, आंतों में सरिया घुसा
03-07-2023 - 08:37 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

मामला शुक्रवार देर रात करीब 1ः30 बजे चित्रकूट नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-1 का है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद चेतक मार्ग, प्रताप नगर निवासी एनिमल लवर लाज जैन की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सीढ़ियां चढ़ते वक्त एक फीमेल डॉग इन युवकों के रास्ते में आ गई थी। इस पर वे इतना गुस्सा हो गए कि उसकी हत्या कर दी।
घर लौटे तब नशे में थे
पुलिस अधिकारी गुंजन सोनी ने बताया- चेतक मार्ग, प्रताप नगर निवासी एनिमल लवर लाज जैन ने रिपोर्ट में बताया कि चित्रकूट नगर के सेक्टर-1 में स्थित एक अपार्टमेंट के थर्ड फ्लोर पर चार लड़के किराए से रहते हैं। शुक्रवार देर रात ये लड़के घर लौटे थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान ये सभी शराब के नशे में थे।
सीढ़ियों पर सो रही थी फीमेल डाॅग
फ्लैट पर जाते समय अपार्टमेंट के सेकेंड फ्लोर की सीढ़ियों पर एक स्ट्रीट डॉग सो रही थी। इन्होंने इसको लातों से पीटा। इसके बाद एक लड़के ने उसे उठाकर बालकनी से नीचे फेंक दिया। दीवार में लगा सरिया अंदर जाने के बाद फीमेल डॉग की आंतें तक बाहर आ गई थीं।
खून से लथपथ हालत में तड़पती रही
लाज जैन ने बताया कि अपार्टमेंट से नीचे फेंकने के दौरान यह फीमेल डॉग पड़ोसी की दीवार पर लगे सरिये पर जा गिरी। सरिया घुसने से उसकी आंतें बाहर आ गईं। लहूलुहान हालत में इसने निकलने का प्रयास किया। डॉग के रोने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोगों की नींद खुली। लहूलुहान हालत में डॉग को जमीन पर तड़पता पाया।
एक घंटे तड़पने के बाद मौत
करीब एक घंटे तक तड़पने के बाद उसकी मौत हो गई। नगर निगम को सूचित कर पांच बत्ती स्थित एनिमल हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां उसका पोस्टमाॅर्टम करवाया गया। लाज जैन ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे फीमेल डॉग की हत्या के बारे में पता चला। अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में रात 1ः33 बजे थर्ड फ्लोर पर रहने वाले चारों लड़कों की करतूत कैद मिली। फुटेज के आधार पर चित्रकूट नगर थाने में शिकायत दी गई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।