जयपुर को मिलेगी नए पार्क की सौगातः मुख्यमंत्री 21 को करेंगे लोकार्पण, लगेगा राज्य का सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज
<p><em><strong>मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राजस्थान आवासन मंडल की ओर से मानसरोवर में विकसित सिटी पार्क का लोकार्पण करेंगे।</strong></em></p>
जयपुरवासियों को शुक्रवार 21 अक्टूबर की शाम सिटी पार्क के रूप में एक नई सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राजस्थान आवासन मंडल की ओर से मानसरोवर में विकसित सिटी पार्क का लोकार्पण करेंगे।
आवासन मंडल आयुक्त पवन अरोड़ा ने बताया कि लोकार्पण समारोह शाम 5 बजे मध्यम मार्ग स्थित पार्क के एंट्रेंस प्लाजा पर आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता स्वायत्त शासन, नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री शान्ति कुमार धारीवाल करेंगे। सांगानेर विधायक अशोक लाहोटी कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि होंगे। मुख्य सचिव उषा शर्मा, पुलिस महानिदेशक एमएल लाठर, नगरीय विकास विभाग के प्रमुख शासन सचिव कुंजीलाल मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
राज्य का सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज होगा आकर्षण
आवासन आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथि लोकार्पण से पूर्व गोल्फ कार्ट के जरिए पार्क का अवलोकन करेंगे। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के प्रथम चरण में मध्यम मार्ग पर निर्मित भव्य एंट्री प्लाजा का गुम्बदनुमा स्टील स्ट्रक्चर, आकर्षक फाउंटेन तथा राजस्थान का सबसे ऊंचा (213 फीट) राष्ट्रीय ध्वज एवं इसके निकट करीब 2 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में मनोरम लोअर लेक इस पार्क की प्रमुख विशेषता है। पार्क में 20 फीट चौड़ा एवं 3.5 कि.मी. लम्बा जॉगिंग ट्रैक बनाया गया है, जिस पर भ्रमण करते हुए लोग आकर्षक लाइटिंग एवं म्यूजिक का आनंद ले सकेंगे।
विशिष्ट कलाकृतियों का अनूठा संसार
अरोड़ा ने बताया कि प्रथम चरण में ही पत्थर एवं मेटल से बनी 17 विशिष्ट कलाकृतियां (स्कल्पचर्स), टॉयलेट ब्लॉक, 2 पार्किंग एरिया, ऑक्सी हब, रॉक फाउंटेन, बैठने के लिये आकर्षक बैंचें एवं आर.ओ. वाटर पेयजल स्टेशन के काम किये गये हैं। प्रथम चरण के कार्यों के लिये 54.99 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं।
दूसरे चरण में होंगे यह निर्माण
आवासन आयुक्त ने बताया कि दूसरे चरण में फाउंटेन स्क्वायर, वी.टी. रोड, अरावली मार्ग एवं न्यू सांगानेर रोड पर एंट्री प्लाजा, बॉटेनिकल गार्डन, एक्सपोजिशन ग्राउंड, जयपुर चैपाटी की तर्ज पर फूड कोर्ट का निर्माण तथा 2500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अपर लेक के कार्य निर्माणाधीन हैं।
मिलेगी स्वच्छ आबोहवा
अरोड़ा ने बताया कि करीब 52 एकड़ भूमि पर विकसित इस पार्क के बनने से मानसरोवर एवं इसके आस-पास की कॉलोनियों में बसे लाखों लोगों को स्वच्छ आबोहवा मिलेगी। यहां 32 विभिन्न प्रजातियों के 25 हजार फूलदार एवं फलदार पौधे तथा लगभग 40 हजार फुलवारी लगाई गई हैं। जापानी मियावाकी पद्धति से पौधरोपण किया गया है।
What's Your Reaction?