लिज ट्रस ने संभाली कमान, मंत्रिमंडल में सिर्फ एक भारतीय को जगह
भारतवंशी ऋषि सुनक को आखिरी राउंड में मात देकर बोरिस जॉनसन की जगह ब्रिटेन की प्रधानमंत्री बनीं लिज ट्रस ने ब्रिटेन की कमान संभाल ली है। अपनी कैबिनेट का एलान करते हुए लिज ने अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं। उनके मंत्रिमंडल में कुल 31 सांसदों को जगह मिली है। इसमें सिर्फ एक भारतीय मूल के नेता आलोक शर्मा का नाम है। आलोक शर्मा को भी कम महत्व वाले कॉप-26 का प्रेसिडेंट बनाया गया है।
बोरिस जॉनसन की कैबिनेट में भारतीय मूल के दो नेताओं को अहम पद हासिल था। प्रीति पटेल यूनाइटेड किंगडम की गृह मंत्री थीं, जबकि ऋषि सुनक वित्त मंत्री थे। लिज ट्रस की जीत का ऐलान होते ही भारतीय मूल की ब्रिटिश गृह मंत्री प्रीति पटेल ने इस्तीफा दे दिया था। ऋषि सुनक तो बोरिस जॉनसन के कार्यकाल में ही वित्त मंत्री या चांसलर पद से इस्तीफा देकर प्रधानमंत्री चुनाव में हिस्सा लिया था। अब इन दोनों शक्तिशाली भारतीय मूल के नेताओं की जगह लिज ट्रस ने दूसरे लोगों को नियुक्त किया है।
क्वासी क्वार्टेगो बने वित्त मंत्री
लिज ट्रस कैबिनेट में क्वासी क्वार्टेंगो को वित्त मंत्री बनाया गया है। क्वासी क्वार्टेंगो ब्रिटेन के पूर्व व्यापार सचिव रह चुके हैं। उन्हें लिज ट्रस के एक करीबी दोस्त के साथ-साथ कट्टर सहयोगी के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती ब्रिटेन में बढ़ते तेल और गैस के दाम पर काबू पाना है।
What's Your Reaction?