बीसीसीआई के सीनियर खिलाड़ियों की चयन समिति के लिए मोंगिया, शिवसुंदर दास और मनिंदर ने किया आवेदन
<p><em><strong>टी-20 क्रिकेट विश्वकप के सेमी फाइनल में खराब प्रदर्शन के बाद हटा दी गई सीनियर खिलाड़ियों की चयन समिति के बाद अब चयन समिति के सदस्यों की खोज शुरू गई है। जानकारी मिली है कि अब कभी अपने जमाने में बिशन सिंह बेदी की डूप्लिकेट कॉपी कहे जाने वाले बायें हाथ के पूर्व स्पिनर मनिंदर सिंह और सलामी बल्लेबाज रहे शिवसुंदर दास ने बोर्ड ऑफ क्रिकेट कंट्रोल इन इंडिया (बीसीसीआई) के सीनियर खिलाड़ियों की चयनकर्ताओं की समिति के सदस्य पद के लिये आवेदन किया है।</strong></em></p>
इनके अलावा पूर्व विकेट कीपर नयन मोंगिया और अजय रात्रा भी चयन समिति के सदस्य बनने वालों की दौड़ में हैं। यद्यपि पूर्व तेज गेंदबाज अजित अगरकर ने आवेदन किया है या नहीं, फिलहाल अभी इसकी जानकारी नहीं है। लेकिन, ऐसा समझा जा रहा है कि यदि अगरकर ने आवेदन किया तो वे चयन समिति के अध्यक्ष भी बन सकते हैं। यही नहीं मुंबई की सीनियर टीम की चयन समिति के वर्तमान प्रमुख सलिल अंकोला, पूर्व विकेटकीपर समीर दिघे और पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली ने भी मुंबई से आवेदन किया है।
नयी चयन समिति के लिये आवेदन की आखिरी तारीख सोमवार, 28 नवंबर को शाम 6 बजे तक थी। सूत्रों के अनुसार चयन समिति के लिए 50 से अधिक लोगों ने आवेदन किया है। इनमें से सर्वाधिक टेस्ट मैच मनिंदर सिंह (35 टेस्ट) और शिवसुदर दास (21 टेस्ट) ने खेले हैं। मनिंदर ने 2021 में भी आवेदन किया था और इंटरव्यू राउंड में क्वालिफाई करने के बावजूद उनका चयन नहीं हुआ था। उत्तर क्षेत्र से मनिंदर के अलावा अतुल वासन, निखिल चोपड़ा, अजय रात्रा और रीतिंदर सिंह सोढी ने आवेदन किया है। पूर्वी क्षेत्र से शिवसुदर दास, प्रभंजन मलिक, रश्मि रंजन परीदा, शुभमय दास और सौराशीष लाहिड़ी ने आवेदन किया है। मध्य क्षेत्र से अमय खुरासिया और ज्ञानेंद्र पांडे ने आवेदन किया है।
What's Your Reaction?