पंचतत्व में विलीन हुए नेता जी, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, अखिलेश यादव ने मुखाग्नि
समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव यानी आमजन के नेता जी का मंगलवार, 11 अक्टूबर को उनके पैतृक निवास स्थान सैफई में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। यादव के सबसे बड़े पुत्र और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी।
इससे पूर्व मुलायम सिंह के अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। स्थानीय जन ही लाखों का संख्या में मौजूद थे और वे लगातार नारे लगा रहे थे, जब तक सूरज चांद रहेगा, मुलायम सिंह का नाम रहेगा, 'मुलायम सिंह यादव जिंदाबाद', 'नेता जी अमर रहें।' मुलायम सिंह के अंतिम संस्कार में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए और अपनी व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तो सोमवार शाम को ही सैफई जाकर मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की थी और वे मंगलवार को एक बार सुबह ही सैफई पहुंच गए। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी पहुंच गए। उन्होंने अखिलेश यादव के हाथों को अपने हाथ में लेकर उन्हें सांत्वना दी।
इनके अलावा बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, सपा सांसद जया प्रदा, अभिनेता अभिषेक बच्चन, उद्योगपति अनिल अंबानी, सुब्रत राय सहारा, भाजपा सांसद वरुण गांधी, राजनेता शरद यादव, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल व योग गुरु बाबा रामदेव ने भी समाजवादी नेता के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
What's Your Reaction?