भारत के विरुद्ध न्यूजीलैंड टीम की घोषणा, केन विलियम्सन टी-20 और एक दिवसीय मैचों की श्रृंखला के लिए कप्तान नियुक्त
<p><em><strong>इसी महीने की 18 तारीख से भारत के विरुद्ध शुरू होने जा रहे तीन टी-20 और तीन एक दिवसीय मैचों की श्रृंखला के लिए न्यूजीलैंड ने टीम की घोषणा कर दी है। दोनों मैचों की श्रृंखला के लिए न्यूजीलैंड टीम के कप्तान केन विलियम्सन होंगे</strong></em></p>
उनके अलावा टीम में फिन एलेन, माइकल ब्रेसवेल, डेवॉन कॉनवे (टी-20 विकेटकीपर), लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी (वनडे), टॉम लाथम (एक दिवसीय मैचों के लिए विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, एडम मिल्ने, जिमी नीशम, ग्लेन फिलिप्स,मिचेल सेंटनर, ईश सोढ़ी (टी-20), टिम साउदी, ब्लेयर टिकनर (टी-20) होंगे।
न्यूजीलैंड की टीम में ओपनर बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल के स्थान पर युवा बल्लेबाज फिन एलेन को चुना गया है। फिन एलेन जो इस समय 23 वर्षीय हैं, खेल के दोनों की प्रारूप के मैचों में अब पांच अर्धशतक और एक शतक लगा चुके हैं। वे 23 टी-20 और 8 एक दिवसीय मैच खेल चुके हैं। इसी तरह तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को भी भारत के खिलाफ सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम में शामिल नहीं किया गया है। टिम साउदी, मैट हैनरी (केवल एक दिवसीय), लॉकी फर्ग्यूसन, ब्लेयर टिकनर और एडम मिल्ने ही न्यूजीलैंड की ओर से तेज गेंदबाजी आक्रमण संभालेंगे। टॉम लाथम वनडे में तो डेवॉन कॉनवे टी-20 में विकेटकीपर होंगे। जिमी नीशम अपनी शादी की तैयारी की वजह से तीसरा वनडे नहीं खेलेंगे। हेनरी निकोल्स उनके स्थान पर खेलेंगे।
न्यूजीलैंड के कोच कोच गैरी स्टीड का कहना है कि बोल्ट और गुप्टिल जैसे अनुभवी खिलाड़ी को छोड़ना आसान नहीं है। लेकिन, टीम को आगे देखते रहना होगा। जब ट्रेंट ने इसी साल अगस्त में न्यूजीलैंड क्रिकेट के कॉन्ट्रैक्ट से बाहर निकलने का विकल्प चुना था, तो हमने यह फैसला किया गया था कि उन खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके पास सेंट्रल या घरेलू कॉन्ट्रैक्ट है और इस सीरीज के लिए टीम चुनते वक्त हमने इसका ध्यान रखा। एक गेंदबाज के रूप में हम सभी को बोल्ट की काबिलियत का पता है। लेकिन, जैसे-जैसे हम और अधिक बड़े टूर्नामेंट की तरफ बढ़ रहे हैं तो हम युवा खिलाड़ियों को और मौके देना चाहते हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टी-20 श्रृंखला खेली जाएगी और इसका पहला मैच 18 नवंबर को वेलिंग्टन, दूसरा 20 नवंबर को नेपियर में और तीसरा मैच 22 नवंबर को खेला जाएगा। इसी तरह पहला एक दिवसीय मैच 25 नवंबर को ऑकलैंड में, दूसरा हेमिल्टन में 27 नवंबर और तीसरा 30 नवंबर को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा।
What's Your Reaction?