अब कौन होगा राजस्थान का ‘पायलट..?’, इसी मुद्दे पर सीएम आवास पर होगी अहम बैठक

अब कौन होगा राजस्थान का ‘पायलट..?’, इसी मुद्दे पर सीएम आवास पर होगी अहम बैठक
25-09-2022 - 09:42 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

चुनाव कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के लिए हो रहा है लेकिन इसके चलते राजस्थान में सियासी घटनाक्रम तेजी के साथ बदल रहा है। रविवार, 25 सितंबर को जयपुर में मुख्यमंत्री आवास पर शाम 7 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में राजस्थान के नये मुख्यमंत्री के नाम पर मोहर लगेगी। बैठक में शामिल होने लेने के लिए निवर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और राजस्थान प्रदेश प्रभारी महासचिव अजय माकन को भेजा है।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री गहलोत ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव लडऩे की घोषणा कर दी है। अध्यक्ष बनने की स्थिति में एक व्यक्ति-एक पद के सिद्धांत के चलते उन्हें सीएम पद छोडऩा पड़ सकता है। कांग्रेस ने तेजी दिखाते हुए विधायक दल की बैठक बुलाने के साथ ही नये सीएम का चयन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि खडग़े व माकन विधायकों से रायशुमारी कर नये मुख्यमंत्री का चयन कर सकते हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए गहलोत के नामांकन भरने से पहले ही विधायक दल की बैठक बुलाने के राजनीतिक मायने हैं। मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार सचिन पायलट के गुट के विधायकों और नेताओं का मानना है कि गहलोत के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राजस्थान में उनका उत्तराधिकारी चुनना आसान नहीं होगा। ऐसे में नामांकन से पहले ही यह सारी प्रक्रिया कर गहलोत से इस्तीफा लिया जाये। गहलोत भी गांधी परिवार के भरोसेमंद हैं। इसके चलते सोनिया गांधी निष्पक्ष रहने का संदेश देना चाहती हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।