राजस्थान में चढ़ा सियासी पारा: पेपर लीक पर भाजपा ने घेरा सचिवालय

<p><em><strong>राजस्थान में पेपर लीक केस को लेकर मंगलवार को भाजपा ने राजधानी जयपुर में सचिवालय का घेराव किया। इस मुद्दे को सीएम अशोक गहलोत के धुर प्रतिद्वंद्वी सचिन पायलट भी जन संघर्ष यात्रा निकाल कर रैली कर चुके हैं। यह मुद्दा धीरे-धीरे राजस्थान सरकार के गले की घंटी बनता जा रहा है।</strong></em></p>

राजस्थान में चढ़ा सियासी पारा: पेपर लीक पर भाजपा ने घेरा सचिवालय
14-06-2023 - 07:26 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पांच महीने पहले पेपर लीक घोटाला गहलोत सरकार के गले की घंटी बन गया है। सचिन पायलट ने पिछले दिनों इसी मुद्दे पर कार्रवाई की मांग को लेकर अजमेर से लेकर जयपुर तक जन संघर्ष यात्रा निकाली थी। पायलट ने बाद में जयपुर में रैली के जरिये प्रदर्शन कर इस मसले पर कार्रवाई के लिए अपनी ही सरकार को अल्टीमेटम दिया था। अब बीजेपी ने इसी मुद्दे पर गहलोत सरकार को घेर लिया। बीजेपी ने आज जयपुर में सचिवालय का घेराव किया। पेपर लीक घोटाले की सीबीआई जांच की मांग की।
विधानसभा चुनाव से पांच महीने पहले जिस तरह पायलट के बाद अब बीजेपी ने इस मुद्दे पर मोर्चा खोला तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के माथे पर चिंता की लकीरें बढ़ती जा रही है कि कहीं यही मुख्य चुनावी मुद्दा न बन जाए। इधर, बीजेपी कार्यकर्ताओं को सचिवालय के बाहर से खदेड़ने के लिए पुलिस को पांच बार वाटर कैनन चलानी पड़ी। लेकिन फिर भी वे पीछे नहीं हटे तो गंदे पानी की बौछार करने वाली वाटर कैनन चलाई गई।
पुलिस और बीजेपी कार्यकर्ताओं में झड़प
इससे पहले बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी की अगुवाई में जयपुर में बीजेपी दफ्तर से सचिवालय कूच किया। स्टेच्यू सर्किल पर पुलिस की पहली बेरिकेडिंग को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच में झड़प हुई। उसके बाद सचिवालय के पहले लगी हुई बेरिकेडिंग की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच फिर धक्कामुक्की हुई। पुलिस ने बल प्रयोग कर उनको पीछे खदेड़ा।
ईडी की कार्रवाई के नतीजे अभी आने बाकी है
नेता प्रतिपक्ष नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि पेपर लीक बड़ा घोटाला है। सरकार असली मुलजिमों को छुपाने की कोशिश कर रही है। जयपुर ग्रामीण सासंद राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि सरकार को अगर भरोसा है कि घोटाला नहीं हुआ तो फिर इसकी जांच सीबीआई को सौंप दे। राठौड़ ने कहा कि ईडी की कार्रवाई के नतीजे अभी आने बाकी है।
12 भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने का आरोप
दरअसल राजस्थान में गहलोत सरकार के कार्यकाल में 12 भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने का आरोप हैं। इसमें से सैंकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा में पेपर बेचने का आरोप सिर्फ पेपर माफियाओं पर ही नहीं बल्कि राजस्थान लोक सेवा आयोग के सदस्य बाबूलाल कटारा पर भी है। कटारा को हालांकि गिरफ्तार कर लिया गया है। लेकिन बीजेपी का आरोप है कि सरकार कटारा को बचा रही है ताकि इससे परीक्षा फिक्स करने वाले सरकार के बड़े चेहरों से नकाब न हटे।
पायलट ने 15 मई को जयपुर में रैली की थी
सचिन पायलट ने 15 मई को जयपुर में रैली कर अपनी सरकार को तीन मांग को लेकर अल्टीमेटम दिया था। उनकी मांग थी कि पेपर लीक से बेरोजगार हुए युवाओं को हुए नुकसान का सरकार मुआवजा दे। दूसरा पेपर लीक के असली मुलजिमों पर कार्रवाई हो और आरपीएसी का पुनर्गठन हो। ईडी ने पिछले सप्ताह ही पेपर लीक घोटाले में राजस्थान में 28 स्थानों पर छापेमारी की थी। आरपीएससी के अध्यक्ष को भी नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया था।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।