गरीब मजदूरों से लाखों की ठगी...! 400 लोगों को दिखाया घर का सपना

<p><em><strong>राजस्थान की राजधानी जयपुर में गरीब मजदूरों को अपने घर का सपना दिखाकर दो ठगों ने लाखों रुपए की चपत लगा दी।&nbsp;</strong></em></p>

गरीब मजदूरों से लाखों की ठगी...! 400 लोगों को दिखाया घर का सपना
02-06-2023 - 07:33 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

गरीब हो या अमीर, अपने घर का सपना सभी लोग देखते हैं लेकिन जयपुर में दो ठगों ने गरीब मजदूरों के इस सपने को चकनाचूर कर लाखों रुपए हड़प लिए। यहां मुख्यमंत्री शहरी जन कल्याण आवास योजना के नाम पर मजदूरों के साथ बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। इस दौरान दो शातिर ठगों ने इस योजना के तहत आवास आवंटन का झांसा देकर 402 मजदूरों को अपने जाल में फांस लिया। मजदूरों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया तब जाकर प्रताप नगर थाना पुलिस ने बुधवार को मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
402 लोगों से हुई ठगी
प्रताप नगर थाना पुलिस ने बताया कि मामले को लेकर महादेव नगर, सांगानेर निवासी आत्माराम, बौलीं सवाई माधोपुर निवासी राजू लाल, चाकसू निवासी प्रभु दयाल और दुर्गापुरा निवासी मुरारी के इस्तगासे के आधार पर मामला दर्ज किया है। इसमें बताया कि सेक्टर 16 प्रताप नगर निवासी राजाराम अजमेरिया और उसके दोस्त राजीव ने मुख्यमंत्री शहरी जन कल्याण योजना के तहत आवास आवंटन करवाने का झांसा देकर उन्हें और अन्य मजदूरी करने वाले 402 लोगों को अपना शिकार बनाया। इनमें अधिकतर मजदूर आरोपी ठेकेदार राजाराम के पास मजदूरी का काम करते हैं। इसी भरोसे ठगी का शिकार हो गए।
स्टांप पर लिखवाकर दिलाया भरोसा
पुलिस ने बताया कि आरोपी राजाराम ने मजदूरों को झांसा दिया कि उसकी अधिकारियों और कर्मचारियों से अच्छी जान-पहचान है। उसने मजदूरों को भरोसा दिलाया कि वह मुख्यमंत्री शहरी कल्याण योजना के तहत उनके आवास आवंटित करवा देगा। इस दौरान आरोपी ने सभी मजदूरों से 50-50 रुपये स्टाम्प लिया। इसमें सभी मजदूरों ने घर नहीं होने की घोषणा की।
हर मजदूर से हड़पे 5 हजार रुपए
आरोपी राजाराम ने अपने दोस्त राजीव के साथ मिलकर उन मजदूरों को जयपुर में तीन-चार जगह बताकर घर दिलाने का झांसा देते हुए प्रत्येक से पांच-पांच हजार रुपए वसूल किए। इस दौरान आरोपियों ने मजदूरों से कुल 20 लाख रुपए की राशि हड़प ली। बाद में, आवास नहीं मिलने पर मजदूरों ने अपने पैसे वापस मांगे तो बार-बार तकाजा करने के बाद भी मजदूरों को पैसे नहीं लौटाए। आरोपियों ने मजदूरों को जान से मारने की धमकी दी। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।