राजस्थानः घर जमाई बनने से मना किया तो ससुराल वालों ने कर दी जमकर धुनाई

<p><em><strong>दामाद रामनिवास जाट का आरोप है कि पत्नी भी आए दिन झगड़ा और मारपीट करती है।&nbsp;</strong></em></p>

राजस्थानः घर जमाई बनने से मना किया तो ससुराल वालों ने कर दी जमकर धुनाई
05-02-2023 - 08:08 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

राजस्थान के चूरू जिले के रतनगढ़ इलाके में एक दामाद की ससुराल वालों ने कथित तौर पर इसलिए धुनाई कर दी क्योंकि वह ससुर को दो लाख रुपये नहीं दे रहा था और घर जमाई बनने से इनकार कर रहा था। गुस्साए ससुराल वालों ने दामाद को इस कदर पीटा कि उसके शरीर पर जगह-जगह नील के निशान पड़ गए। इतना ही नहीं, वे उसे गाड़ी में डालकर पुलिस थाने ले गए। वहां उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी को पीटता है। इस संबंध में पीड़ित ने रतनगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया है। बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित रामनिवास जाट (40) खोथड़ी गांव का रहने वाला है। अपनी रिपोर्ट में उसने बताया कि वह सीआरपीएफ में नौकरी करता है। उसके भतीजे की छह फरवरी को शादी के लिए वह गांव छुट्टी पर आया हुआ है और 2 फरवरी को शादी के सिलसिले में वह फतेहपुर गया हुआ था। रात को जब वह घर लौटा तो उसकी पत्नी अमिता ने कहा कि उसके पिता को एक लाख रुपये की जरूरत है।
ससुराल पक्ष घर जमाई बनाना चाहता है
इस पर रामनिवास ने रुपये देने से मना कर दिया। उसने पत्नी से कहा कि पहले भी पांच-सात लाख रुपये दिए हुए हैं, जो आज तक नहीं लौटाए। रामनिवास ने बताया कि उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग चाहते हैं कि वह घर-जमाई बन जाए और अपना घर व खेत बेचकर ससुराल में रहने के लिए आ जाए। इस बात को लेकर पत्नी आए दिन झगड़ा और मारपीट भी करती है।
पत्नी ने अपने पिता को की शिकायत
उसके बाद उसकी पत्नी ने रुपये देने से मना करने की बात अपने पिता सहीराम को बताई। इस पर रामनिवास का ससुर सहीराम और उसके दो साढू बाबूलाल तथा चैनाराम उसके घर दीवार फांदकर आ गए। उनके हाथों में लाठियां थी। वे घर का दरवाजा पीटने लगे। रामनिवास के अनुसार जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो उन लोगों ने उसे तोड़ दिया। बाद में, उसके साथ जमकर मारपीट की।
हाथ-पैर बांधकर कार की डिकी में डाला
रामनिवास जब जान बचाकर कमरे से बाहर भागा तो रिश्ते का भाई राजकुमार जाट बीचबचाव करने के लिए आया लेकिन रामनिवास के ससुराल वालों ने उसे धमकाकर भगा दिया। उसके बाद उन लोगों ने रामनिवास को हाथ-पैर बांधकर उसे कार की डिकी में डाल दिया और उसे रतनगढ़ पुलिस थाना ले गए। वहां उन्होंने उस पर पत्नी अमिता के साथ मारपीट का आरोप लगाया।
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।