राजस्थानः लोकलुभावन घोषणाएं जारी, एक लाख नयी भर्तियां होंगी और अन्य राज्य में हो सकेगा अंग प्रत्यारोपण..
<p><em>राजस्थान में लोक-लुभावन घोषणाओं का दौर जारी है। इसी महीने 10 तारीख को पेश किये गये बजट में रसोई गैस, बिजली संबंधित घोषणाओं के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब नयी एक लाख नौकरियों को लेकर घोषणा की है। उन्होंने राज्य विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट पर बहस का जवाब देते हुए यह घोषणा की। उन्होंने राज्य के बजट को बेहतरीन बताया।</em></p>
गहलोत ने कहा कि मैंने 10 फरवरी को बजट पेश करते हुए प्रक्रियाधीन नियुक्तियों के अलावा खाली पदों पर भी आगामी वित्तीय वर्ष में भर्ती सुनिश्चित करने की घोषणा की थी। इसी कड़ी में अब मैं आने वाले (वित्तीय) वर्ष में एक लाख और भर्ती की घोषणा करता हूं।
इसके अलावा उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब चिरंजीवी योजना के तहत राज्य के बाहर भी अंग प्रत्यारोपण किया जा सकेगा। इससे पूर्व बजट घोषणाओं में चिरंजीवी योजना के बजट का दायरा बढ़ाकर 25 लाख रुपये तक कर दिया था। हालांकि बजट को लेकर घोषणाओं के इस दौर में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने सरकार पर कोरोना, लम्पी, अर्थव्यवस्था के हालात की उपेक्षा के आरोप लगाये।
कटारिया का त्यागपत्र
असम के नवनियुक्त राज्यपाल और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को सौंपा। राज्यपाल बनने पर मुख्यमंत्री गहलोत समेत अनेक नेताओं ने कटारिया को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि कटारिया 8 बार विधायक और एक बार सांसद रह चुके हैं।
What's Your Reaction?