छह राज्यों की विधानसभा सीटों पर नतीजे आज
<p><em><strong>बिहार के उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और राजद के बीच है, जबकि हरियाणा में भाजपा का मुकाबला कांग्रेस, आईएनएलडी और आम आदमी पार्टी (आप) से है।</strong></em></p>
छह राज्यों में सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना हो रही है। इन सीटों में पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के परिवार का गढ़ कही जाने वाली हरियाणा की आदमपुर सीट भी शामिल है। भाजपा के टिकट पर लड़ रहे भजन लाल के पोते भव्य बिश्नोई (आदमपुर सीट) और राजद की ओर से अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी (मोकामा सीट) उन दिग्गजों में शामिल हैं, जिनकी किस्मत का फैसला होना है।
अनंत सिंह को अयोग्य घोषित किये जाने के बाद बिहार की मोकामा सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा। बिहार की गोपालगंज, महाराष्ट्र की अंधेरी (पूर्व), तेलंगाना की मुनुगोडे, उत्तर प्रदेश की गोला गोकर्णनाथ और ओडिशा की धामनगर सीट पर भी उपचुनाव के नतीजे घोषित होंगे।
कहां-किसके बीच मुकाबला
बिहार के उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और राजद के बीच है, जबकि हरियाणा में बीजेपी का मुकाबला कांग्रेस, आईएनएलडी और आम आदमी पार्टी (आप) से है। भाजपा का तेलंगाना में मुकाबला तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) से, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी से और ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजद) से है।
नीतीश की अपील का कितना असर
बिहार में नीतीश कुमार के एनडीए से अलग होने के बाद यह पहला चुनाव है। हालांकि नीतीश कुमार स्वास्थ्य कारणों से चुनाव प्रचार में नहीं पहुंचे थे लेकिन उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से चुनाव में राजद उम्मीदवार के पक्ष में मतदान की अपील की थी।
बिहार में बाहुबलियों की पत्नी मैदान में
भाजपा और राजद, दोनों ने ही स्थानीय बाहुबली नेताओं की पत्नी को मैदान में उतारा है। मोकामा सीट से भाजपा ने अपना उम्मीदवार सोनम देवी को बनाया है। बिहार की गोपालगंज सीट से भाजपा ने कुसुम देवी को मैदान में उतारा है, जो दिवंगत विधायक सुभाष सिंह की पत्नी हैं, यहां से राजद के उम्मीदवार मोहन गुप्ता और बसपा उम्मीदवार इंदिरा यादव हैं। इंदिरा पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के साले साधु यादव की पत्नी हैं।
What's Your Reaction?