जयपुर के केशव विद्यापीठ में आएसएस सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने किया तिरंगा प्रणाम..!
<p><em>राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत ने 74वें गणतंत्र दिवस के मौके पर जयपुर के जामडोली स्थित केशव विद्यापीठ विद्यालय में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर ध्वज प्रणाम किया। उन्होंने विद्यालय में उपस्थित जन समूह को विशेष तौर पर संबोधित भी किया। उल्लेखनीय है कि आमतौर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख यानी सरसंघचालक नागपुर स्थित संघ मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराते रहे हैं। उल्लेखनीय है कि जब से आमजन को भी राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अनुमति मिली है, तब से नागपुर के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाने लगा है। वैसे संघ भगवा ध्वज को सर्वोपरि और पूजनीय मानता है।</em></p>
इससे पूर्व भागवत, बुधवार, 25 जनवरी की रात करीब साढ़े आठ बचे पांच दिवसीय प्रवास जयपुर पहुंचे थे। जयपुर रेलवे स्टेशन पर संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम ने भागवत का स्वागत किया। इसके बाद वे पूरी सुरक्षा के बीच संघ कार्यालय पहुंचे। आज सुबह वे भागवत जयपुर के जामडोली में केशव विद्यापीठ विद्यालय में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। वे आज ही दोपहर में संघ प्रमुख कार्यकर्ताओं को संबोधित करने वाले हैं। 27 जनवरी को वे जयपुर प्रांत के विभाग स्तर के संघ कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इसी प्रकार 28 व 29 जनवरी को भी संघ के विभिन्न स्तर के कार्यकर्ताओं की बैठकों में शामिल होंगे। इस दौरान संघ के शताब्दी वर्ष की तैयारियों पर भी चर्चा करेंगे। बैठकों में समाज सशक्तिकरण की दिशा में चलने वाली गतिविधियों यथा कुटुम्ब प्रबोधन, ग्राम विकास, गोसेवा, सामाजिक समरसता और पर्यावरण पर भी मंथन होगा।
सरसंघचालक का यह नियमित प्रवास है, जो दो वर्ष में एक बार प्रत्येक प्रांत में होता है. पिछले वर्ष चित्तौड़ प्रांत के उदयपुर में सरसंघचालक का प्रवास हुआ था। देशभर में संघ के 45 प्रांत हैं, इसी प्रकार राजस्थान क्षेत्र में जयपुर, चित्तौड़ और जोधपुर प्रांत है। प्रवास के क्रम में प्रांत को वर्ष में एक बार सरसंघचालक और दूसरी बार सरकार्यवाह का प्रवास के दौरान सानिध्य मिलता है। इस दौरान समाज सशक्तिकरण की दिशा में चल रहे विभिन्न कार्यों पर चर्चा होती है।
What's Your Reaction?