एस जयशंकर की अमेरिका को खरी-खरीः हर कोई जानता है कि एफ-16 लड़ाकू विमान कहां और किसके विरुद्ध इस्तेमाल किया जाता है
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर कोई लाग-लपेट नहीं रखते और वे निडरता के साथ सधी हुई भाषा में जैसे को तैसा जवाब देने में विश्वास रखते हैं। ऐसी ही एक बानगी रविवार, 25 सितंबर को अमेरिका में भारतीय अमेरिकी समुदाय द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में देखने को मिली। पाकिस्तान को अमेरिका द्वारा एफ-16 विमानों के बेड़े के रख-रखाव के लिए वित्तीय सहायता मंजूर किये जाने के प्रश्न पर उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, ‘अमेरिका को आज इस बात पर गौर करने की जरूरत है कि इस रिश्ते में क्या खास है और उसे इससे क्या हासिल हुआ। यह एक ऐसा रिश्ता है जिससे न पाकिस्तान को लाभ हुआ और न ही अमेरिका को कुछ फायदा पहुंचा। हर कोई जानता है कि एफ-16 का कहां और किसके विरुद्ध इस्तेमाल किया जाता है।’
उल्लेखनीय है कि कुछ हफ्तों पहले अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले को पलटते हुए पाकिस्तान को एफ-16 लड़ाकू विमान के बेड़े के रखरखाव के लिए 45 करोड़ डॉलर की वित्तीय मदद को मंजूरी दी है। यह मदद उसे आतंक से लड़ने के लिए इन विमानों को इस्तेमाल करने के संदर्भ में दी गई है।
इसी प्रश्न के संदर्भ में जयशंकर ने कहा, 'आप इस प्रकार की बातें कहकर किसी को मूर्ख नहीं बना सकते।' उन्होंने कहा कि अगर मैं किसी अमेरिकी पॉलिसी-मेकर से बात करता, तो मैं उनसे कहता कि देखिए आप क्या कर रहे हैं।'
What's Your Reaction?