क्रूरता की हद..! घर में घुसे कुत्ते को डॉक्टर ने कार से बांधकर दौड़ाया
जोधपुर के शास्त्रीनगर में एक प्लास्टिक सर्जन डॉ. रजनीश गालवा ने रविवार, 18 सितंबर की दोपहर घर में घुसे गली के एक कुत्ते को रस्सी से बांधकर कार से कई किलोमीटर दौड़ाया, जिससे वह जख्मी हो गया। शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने पुकार एनिमल्स संस्थान की अपर्णा की रिपोर्ट पर पशु कू्रता अधिनियम में मामला दर्ज कर चिकित्सक को गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ा।
मामले में मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने डॉ. गालवा को नोटिस जारी किया है। बाइक सवार दो-तीन छात्रों ने कुत्ते के साथ हो रही बेरहमी देखी तो उन्होंने वीडियो रिकॉर्ड किया और बाइक आगे लगा कार को रुकवा लिया। तब कुत्ते के पांव से खून बह रहा था।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
छात्रों की सूचना पर डॉग होम फाउंडेशन के पदाधिकारी एम्बुलेंस लेकर पहुंचे और कुत्ते को मुक्त कराया। कुत्ते पर क्रूरता करने को लेकर चिकित्सक तथा पशु प्रेमियों-छात्रों में तकरार हुई। छात्रों की ओर से बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मेनका गांधी ने थाने में किया फोन
जानकारी मिलने पर थाने में एकत्र हुए लोगों समय पर पुलिस से कार्रवाई ना करने को लेकर नाराजगी जताई। इस बीच, पीपल फॉर एनिमल्स संस्था की संस्थापक मेनका गांधी ने शास्त्रीनगर थाने में फोन कर कानूनी कार्रवाई करने को कहा।
दूसरे डॉक्टर का ऑडियो वायरल
वीडियो वायरल होने के बाद एक ऑडियो भी वायरल हुआ, जिसमें एनिमल केयर सोसाइटी के सदस्य को एक डॉक्टर वीडियो अपलोड करने व वायरल करने पर आपत्ति जता रहा है।
क्या कहा डॉक्टर गालवा ने
डॉक्टर रजनीश गालवा ने इस मामले पर कहा, मैं जब हॉस्पिटल से घर आया तो एक श्वान घर में घुस आया। उसने मेरी 5 साल की बच्ची को काट लिया। हमने उसको पकडक़र कार में बैठाने का प्रयास किया लेकिन उसके काटने के डर से कार की साइड में पकड़कर सौ मीटर दूर छोड़ दिया। श्वान को कार से बांधा नहीं था बल्कि उसे मैंने एक हाथ से पकड़ रखा था। गाड़ी की रफ्तार भी धीरे थी।
What's Your Reaction?