देश में नफरत का माहौल और इसके लिए भाजपा और आरएसएस जिम्मेदारः राहुल गांधी
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ जारी है और उसके नेता राहुल गांधी, शनिवार, 8 अक्टूबर को यह यात्रा लेकर कर्नाटक पहुंच गये। यहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की जिसमें उन्होंने कहा कि देश में नफरत का माहौल है और इसके लिए भारती जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नफरत फैलाकर देश को बांट रही है।
गांधी परिवार पार्टी के अगले अध्यक्ष को रिमोट से नियंत्रित कर सकता है, इन बातों को राहुल ने सिरे खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे दोनों उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर कद्दावर और अच्छी समझ रखने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा, ‘दोनों लोग जो (चुनाव में) उतरे हैं, उनकी एक हैसियत है, एक दृष्टिकोण है और वे कद्दावर तथा अच्छी समझ रखने वाले व्यक्ति हैं। मुझे नहीं लगता कि उनमें से कोई भी रिमोट कंट्रोल से चलने वाला (पार्टी प्रमुख के रूप में) है। सच कहूं तो ये बातें उन्हें अपमानित करने के लिए कही जा रही हैं।’
पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया पर प्रतिबंध के मामले के मामले पर राहुल गांधी ने कहा कि मेरा मानना है कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि नफरत फैलाने वाला व्यक्ति कौन है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे किस समुदाय से आते हैं, नफरत फैलाना और हिंसा एक राष्ट्रविरोधी कार्य है और हम ऐसे लोगों के खिलाफ लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा देश को बांट रही है और कांग्रेस जोड़ रही है। नफरत और बंटवारे के खिलाफ ही हमारी यात्रा है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि मेरी समझ में आरएसएस ने अंग्रेजों की मदद की थी और सावरकर को अंग्रेजों से वजीफा मिल रहा था। स्वतंत्रता संग्राम में भाजपा कहीं नहीं दिखती। भाजपा ऐसे तथ्यों को छिपा नहीं सकती। कांग्रेस और उसके नेताओं ने आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता आजादी की लड़ाई में जेल गए।
उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी चरम पर है। भारत जोड़ो यात्रा वर्ष 2024 के चुनावों के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि हम भाजपा, आरएसएस द्वारा किए जा रहे देश विभाजन के खिलाफ लोगों को एकजुट करना चाहते हैं।
What's Your Reaction?