चंद्रयान-2 के माध्यम से इसरो ने चांद पर खोजा बड़ी मात्रा में सोडियम

चंद्रयान-2 के माध्यम से इसरो ने चांद पर खोजा बड़ी मात्रा में सोडियम
09-10-2022 - 09:37 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (इसरो) को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। चंद्रयान-2 के माध्यम से उसने चांद पर बड़ी मात्रा में सोडियम के होने का पता लगाया है। इसरो को उसके  चंद्रयान-2 ऑर्बिटर पर लगे एक्स-रे स्पेक्ट्रोमीटर ‘क्लास’ के माध्यम से पहली बार चंद्रमा पर इस जानकारी का पता लगा है। इस तरह चंद्रयान की इस सफलता से चंद्रमा पर सोडियम की मात्रा का पता लगाने की संभावना का रास्ता खुल गया है।

उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व ‘द एस्ट्रोफिजिकल जर्नल लेटर्स’ में प्रकाशित एक लेख में कहा गया है कि चंद्रयान-2 ने पहली बार CLASS (चंद्रयान -2 लार्ज एरिया सॉफ्ट एक्स-रे स्पेक्ट्रोमीटर) का उपयोग करके चंद्रमा पर सोडियम की बड़ी मात्रा का पता लगाया। इसरो ने कहा है कि बेंगलुरु में इसरो के यूआर राव सेटेलाइट केंद्र ने चंद्रमा पर सोडियम होने के बारे में साफ सबूत दिए हैं। शोध से पता चलता है कि चंद्रमा पर सोडियम होने के संकेत संभवत: सोडियम परमाणुओं की एक पतली परत से भी मिला हो सकता है जो चंद्रमा के कणों से कमजोर रूप से जुड़े होते हैं।

विश्लेषकों का कहना है कि सोडियम के कण अगर चंद्रमा पर पाये जाने वाले खनिजों का हिस्सा हैं, तो इन सोडियम परमाणुओं को सौर हवा या पराबैंगनी विकिरण द्वारा सतह से अधिक आसानी से बाहर निकाला जा सकता है। इसरो ने कहा है कि चंद्रमा की सतह के सोडियम में एक दैनिक भिन्नता भी दिखाई देती है जो एक्सोस्फीयर को सोडियम के परमाणुओं की निरंतर आपूर्ति की घटना को समझने में मददगार हो सकती है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।