गांजा तस्करी करते पकड़ी गयीं उत्तर प्रदेश की तीन महिलाएं
<p>पहले मध्य प्रदेश, राजस्थान और ओडिशा की महिलाएं गांजा तस्करी करती पकड़ी जा रही थीं। लेकिन, अब उत्तर प्रदेश की तीन महिलाएं गांजा की तस्करी करते हुए पकड़ी गई हैं। जानकारी के अनुसार इन महिलाओं ने 3 लाख रुपए कीमत का गांजा ट्रॉली बैग्स के अंदर नई साड़ियों के बीच में लपेटकर रखा था। ये तो अच्छा हुआ छत्तीसगढ़ में मैनपुर पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर महिलाओं को यात्री बस से उतार कर कार्यवाही को अंजाम देते हुए अपनी गिरफ्त में ले लिया।</p>
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यूपी के बलिया जिले की रहने वाली तीन महिलाएं देवभोग से रायपुर जाने वाली बस में सवार होते ही शक के दायरे में आ गयीं। मुखबिर से मिली सूचना पर मैनपुर थाना प्रभारी शिव शंकर हुर्रा ने बोईर गांव के पास बस को रोककर महिलाओं से पूछताछ करने के साथ इनके पास रखी ट्राली बैग्स की गवाहों के समक्ष जांच की गई, जिसमें पैकेटों में 3 लाख रुपए मूल्य का 30 किलो गांजा जब्त किया गया।
बता दें कि गिरफ्तार की गई ये तीन महिलाएं उत्तर प्रदेश के बलिया जिला की रहने वाली हैं। इन तीन महिला आरोपियों में विजय लक्ष्मी (32 वर्ष), सीमा खातून (40 वर्ष) और कमलबती (40 वर्ष) शामिल हैं। एसडीओपी बाजी लाल सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत कार्यवाही की जा रही है।
चार दिन के भीतर तीसरी कार्रवाई
मैनपुर पुलिस लगातार नशे के कारोबार पर लगाम कसने की कवायद में जुटी हुई है। सबसे पहले 2 अप्रेल को कोतवाली पुलिस ने बस से 26 किलो गांजा ले जाते एमपी और राजस्थान के दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 3 अप्रेल को देवभोग पुलिस ने ओडिशा के दो सप्लायर को 28 किलो गांजा के साथ दबोचा था। इसके बाद अब मैनपुर पुलिस ने यूपी के 3 महिला तस्करों को 30 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों कालाहांडी जिले से गांजा ले कर आ रही थीं। कालाहांडी के पहाड़ी इलाके के अलावा कोरापुट के पहाड़ों में गांजा की बड़ी मात्रा में खेती होती है।
What's Your Reaction?