‘मनिके मांगे हिते...’ सिंगर योहानी बोली-एक गाने ने मुझे नए देश, नए शहर, नई भाषा से जोड़ दिया
<p><em><strong>हाल ही में योहानी ने फिल्म थैंक गॉड में मनिके मांगे हिते के हिंदी हिंदी वर्जन को आवाज दी, जिस पर सिद्धार्थ मल्होत्रा और नोरा फतेही थिरकते नजर आए</strong></em></p>
श्रीलंका में रैप प्रिंसेस के नाम से मशहूर सिंगर योहानी डिलोका डी सिल्वा ने बीते साल जब ‘मनिके मांगे हिते’ गाने का अपना कवर रिलीज किया, तो उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि उनका ये गाना इस कदर वायरल हो जाएगा कि वह अपने देश की सीमा पार करके पड़ोसी देश भारत में भी स्टार बन जाएंगी। हाल ही में योहानी ने फिल्म थैंक गॉड में मनिके मांगे हिते के हिंदी हिंदी वर्जन को आवाज दी, जिस पर सिद्धार्थ मल्होत्रा और नोरा फतेही थिरकते नजर आए।
बड़े स्टार बना रहे रील्स
उसने सोचा नहीं था कि बॉलिवुड के बड़े-बड़े स्टार्स उनके गाने पर रील्स बनाएंगे। वहीं, वह खुद भी बॉलिवुड का हिस्सा बन जाएंगी लेकिन अब ये सारी बातें हकीकत बन चुकी हैं और योहानी अजय देवगन, सिद्धार्थ मल्होत्रा और रकुलप्रीत सिंह स्टारर फिल्म थैंक गॉड के लिए मनिके मांगे हिते का हिंदी वर्जन गा चुकी हैं। यही नहीं, इससे पहले उन्होंने फिल्म शिद्दत के टाइटल गाने के एक वर्जन को भी आवाज दी थी।
एक गाना मुझे नये देश में ले आया
श्रीलंका से बॉलिवुड तक के अपने इस सफर के बारे में खुशी जताते हुए योहानी कहती हैं, मनिके मांगे हिते को जितना प्यार मिला, उससे मैं बहुत खुश हूं। हालांकि, वह जितना वायरल हुआ, वो हमने बिल्कुल नहीं सोचा था। हमें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि एक गाना इतनी दूर तक जा सकता है कि इसकी वजह से मैं अब एक नये शहर, एक देश में हूं। नयी भाषा सीखने की कोशिश कर रही हूं। वह गाना इतना वायरल हुआ कि पिछले साल जब मैं भारत आई तो टी-सीरीज ने मुझे साइन किया और कहा कि वे इसका हिंदी वर्जन बनाना चाहते हैं।
ट्यूटर से क्लास ली
थैंक गॉड में हिंदी में गाने के अनुभव पर उन्होंने बताया, अनुभव कमाल का था। हां, मुझे भाषा को समझने में बहुत वक्त लगा। इसके लिए मैंने करीब छह महीने तैयारी की। कुछ ट्यूटर रखे। मैंने क्लासेज लिये, मैं जो कुछ भी कर सकती थी, किया ताकि गाने के उच्चारण और इमोशन को सही तरीके से पकड़ सकूं। मुझे खुशी है कि ये हिंदी वर्जन भी लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
बॉलिवुड का प्रभाव हमेशा से रहा है
योहानी बताती हैं, मेरे देश में बॉलिवुड गानों का बहुत प्रभाव है। जब मैं छोटी थी, तभी से बॉलिवुड गाने सुनती थी। मेरे पैरंट्स की वजह से मैं बॉलिवुड म्यूजिक काफी सुनती थी। मेरा फेवरिट बॉलीवुड गाना पहला नशा पहला खुमार रहा है। वहीं, शाहरुख खान की फिल्मों की मैं बहुत बड़ी फैन रही हूं। मैंने लॉजिस्टिक मैनेजमेंट और प्रफेशनल एकाउंटिंग में पढ़ाई की है, तो शायद उसमें कुछ कर रही होती, मगर मास्टर्स करने के बाद मैंने श्रीलंका लौटकर म्यूजिक में करियर बनाने का सोचा और इस तरह संगीत में ही रम गई।
जैकलीन से पूछा था इंडिया के बारे में
योहानी इन दिनों भारत को अपना नया घर बना चुकी हैं। वह बताती हैं, अभी जब मैं भारत आ रही थी तो मैंने जैकलीन (श्रीलंकाई मूल की बॉलिवुड एक्ट्रेस) से पूछा था कि यहां मुझे क्या करना चाहिए? तो उन्होंने कहा कि भारत के लोग बहुत ही प्यार से आपका स्वागत करते हैं और सच में मुझे यहां जितना प्यार मिल रहा है, मैं उसके लिए बहुत शुक्रगुजार हूं। यहां के लोग बहुत प्यारे हैं।
पनीर पूड़ी बहुत पसंद है
योहानी के मुताबिक भारत का खाना बहुत अच्छा है। वह कहती हैं, मुझे पनीर और पूड़ी बहुत पसंद है। मैं कुछ और म्यूजिक साझेदारियां कर रही हूं। साथ ही, कुछ और हिंदी सिंगल भी आने वाले हैं। अभी बीते हफ्ते ही मैंने एक गाना रिकॉर्ड किया है पर मैं उसके बारे में ज्यादा नहीं बता सकती। इसके अलावा, मेरा बतौर लीड सिंगर एक सिंगल दिसंबर में आने वाला है।
एआर रहमान के लिए गाना चाहती हूं
वह कहती हैं, ‘निश्चित तौर पर मैं एआर रहमान के लिए गाना चाहती हूं। वहीं, एक्ट्रेसेज की बात करें, तो भविष्य में मैं आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण के लिए गाना चाहूंगी। मैं इन दोनों की बहुत बड़ी फैन हूं।’
What's Your Reaction?