Asian Wrestling Championships: निशा दहिया के रजत और प्रिया मलिक के कांस्य पदक जीतने से पदकों की संख्या छह पर पहुंची
<p><em>Asian Wrestling Championships: भारतीय महिला पहलवान निशा दहिया और प्रिया मलिक ने मंगलवार को कज़ाकिस्तान के अस्ताना में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप 2023 में अपने-अपने भार वर्ग में रजत पदक और कांस्य पदक जीता। पिछले साल अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप के 65 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाली निशा दहिया ने 68 किग्रा भार वर्ग में भाग लिया था </em>।</p>
निशा दहिया ने झटका जापान से सिल्वर
निशा दहिया ने एशियाई चैंपियनशिप के फाइनल में जापान की आमी इशी से हारने के बाद रजत पदक से संतोष किया। विश्व चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता इशी ने फाइनल में भारतीय पहलवान को चित्त करके 10-0 से मात दी। इससे पूर्व, निशा ने सेमीफाइनल में चीन की फेंग झोऊ के खिलाफ पिछडऩे के बाद वापसी करते हुए स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बनायी थी । एशियाई चैम्पियनशिप में पदार्पण कर रहीं निशा एक समय पर 3-6 से पिछड़ी हुई थीं, लेकिन उन्होंने वापसी करते हुए फेंग को 7-6 से हराया। इससे पूर्व उन्होंने क्वार्टरफाइनल में मंगोलिया की डेलगर्मा एंखसाईखान को मात दी थी।
अंडर - 17 प्रिया मालिक ने जापान को हरा कर कांस्य जीता
इसी बीच, अंडर-17 विश्व चैंपियन प्रिया मलिक ने कांस्य पदक मुक़ाबले में जापान की मिज़ुकी नागाशिमा को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीता। महिलाओं की 76 किग्रा वर्ग में पहलवान प्रिया ने चीनी ताइपे की हुई त्ज चांग को 2-1 से हराकर क्वालिफ़िकेशन राउंड को पार किया। इसके बाद 18 वर्षीय पहलवान को क्वार्टरफाइनल में किर्गिस्तान के एपेरी काज़ी ने पिन के जरिए मात दी लेकिन बाद में काज़ी के फाइनल में पहुंचने के कारण भारतीय पहलवान ने कांस्य पदक मुक़ाबले में में जगह बनाई।
कुल भारतीय पदकों की संख्या हुई छः
निशा दहिया और प्रिया के पदकों ने एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप 2023 में भारत के पदकों की संख्या 6 कर दी है। पिछले दिनों ग्रीको-रोमन पहलवान रूपिन (55 किग्रा) ने रजत जबकि नीरज (63 किग्रा), विकास (72 किग्रा) और सुनील कुमार (87 किग्रा) ने कांस्य पदक अपने नाम किया था।
बढ़ सकती है पदकों की संख्या
अभी भी भारत को अपने पहलवानों से काफी उम्मीदें कायम हैं क्युकी शेष पांच भारतीय महिला पहलवान - अंतिम पंघाल (53 किग्रा), अंशु मलिक (57 किग्रा), सोनम मलिक (62 किग्रा), मनीषा (65 किग्रा) और रीतिका हुड्डा (72 किग्रा) बुधवार को अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
What's Your Reaction?