‘टी20 वर्ल्ड कप 2026 कोई नहीं देखेगा’: आर अश्विन का ICC को बड़ा संदेश, जताई गंभीर चिंता

पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) पर तीखा हमला बोला है। अश्विन का कहना है कि इस बार टी20 वर्ल्ड कप को देखने में लोगों की रुचि कम होगी और उन्होंने यहां तक दावा कर दिया कि “कोई भी इस टूर्नामेंट को देखने वाला नहीं है।”

‘टी20 वर्ल्ड कप 2026 कोई नहीं देखेगा’: आर अश्विन का ICC को बड़ा संदेश, जताई गंभीर चिंता
03-01-2026 - 11:04 AM

पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) पर तीखा हमला बोला है। अश्विन का कहना है कि इस बार टी20 वर्ल्ड कप को देखने में लोगों की रुचि कम होगी और उन्होंने यहां तक दावा कर दिया कि “कोई भी इस टूर्नामेंट को देखने वाला नहीं है।”

गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च के बीच भारत और श्रीलंका में होना है। अश्विन ने कहा कि टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में भारत का सामना एसोसिएट टीमों से कराया गया है, जिससे दर्शकों की दिलचस्पी कम हो सकती है।

शुरुआती मुकाबलों पर सवाल

अश्विन के अनुसार, भारत बनाम यूएसए या भारत बनाम नामीबिया जैसे मुकाबले वर्ल्ड कप के रोमांच को कम करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मैच लोगों को टूर्नामेंट से दूर कर सकते हैं।

अपने यूट्यूब चैनल ‘Ash ki Baat’ पर जारी वीडियो में अश्विन ने कहा, “इस बार ICC टी20 वर्ल्ड कप कोई नहीं देखने वाला है। भारत बनाम यूएसए, भारत बनाम नामीबिया—ये ऐसे मैच हैं, जो सच में आपको वर्ल्ड कप से दूर कर देंगे। पहले वर्ल्ड कप चार साल में एक बार होते थे, जिससे लोगों में उत्सुकता अपने आप बनती थी। पहले दौर में भारत इंग्लैंड या श्रीलंका जैसी टीमों से खेलता था, जो कहीं ज्यादा मजेदार होता था।”

बार-बार हो रहे ICC टूर्नामेंट पर चिंता

अश्विन ने मौजूदा दौर में लगातार हो रहे ICC इवेंट्स पर भी सवाल उठाए। उन्होंने अपने बचपन के समय की तुलना करते हुए कहा कि पहले टूर्नामेंट चार साल में एक बार होते थे, जिससे न तो थकान होती थी और न ही रोमांच कम होता था।

उन्होंने कहा, “1996, 1999 और 2003 में, जब मैं स्कूल में था, तब वर्ल्ड कप चार साल में एक बार आता था। हम वर्ल्ड कप कार्ड इकट्ठा करते थे, शेड्यूल छपवाते थे और उसका इंतजार करते थे। वो उत्सुकता अपने आप बनती थी।”

वनडे क्रिकेट के भविष्य को लेकर भी चिंता

इससे पहले अश्विन ने वनडे क्रिकेट के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई थी। उनका मानना है कि 2027 वर्ल्ड कप के बाद इस फॉर्मेट का भविष्य अनिश्चित हो सकता है।

अश्विन ने कहा, “2027 वर्ल्ड कप के बाद वनडे क्रिकेट का भविष्य क्या होगा, इसे लेकर मैं निश्चित नहीं हूं। मुझे थोड़ी चिंता है। मैं विजय हजारे ट्रॉफी जरूर देख रहा हूं, लेकिन जिस तरह मैंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) को फॉलो किया, उसी तरह इसे फॉलो करना थोड़ा मुश्किल लग रहा है।”

स्टार खिलाड़ियों पर निर्भर होती लोकप्रियता

अश्विन ने यह भी कहा कि घरेलू क्रिकेट में दर्शकों की दिलचस्पी अक्सर बड़े खिलाड़ियों की मौजूदगी पर निर्भर करती है।

उन्होंने कहा, “जब रोहित शर्मा और विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी में लौटे, तो लोग उसे देखने लगे। हम जानते हैं कि खेल हमेशा खिलाड़ियों से बड़ा होता है, लेकिन कई बार इन खिलाड़ियों की वापसी से ही खेल प्रासंगिक बनता है। विजय हजारे ट्रॉफी एक घरेलू टूर्नामेंट है, जिसे आमतौर पर बहुत ज्यादा लोग नहीं देखते, लेकिन कोहली और रोहित के खेलने से लोग उसे देखने लगे। फिर सवाल यह है कि जब ये खिलाड़ी वनडे खेलना बंद कर देंगे, तब क्या होगा?”

अश्विन के इन बयानों ने न सिर्फ टी20 वर्ल्ड कप 2026 की लोकप्रियता, बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के शेड्यूल और वनडे फॉर्मेट के भविष्य को लेकर भी एक बड़ी बहस छेड़ दी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।