‘धमकी मंजूर नहीं, जाएंगे तो अपनी मर्जी से वरना...’ पाकिस्तान के किस अल्टीमेटम पर भड़का तालिबान?
<p><em><strong>पाकिस्तान में आतंकियों घटनाओं में इजाफा हुआ है। इसके चलते पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच रिश्ते तनावपूर्ण होते चले जा रहे हैं। पाकिस्तान ने सीमा पार हमलों के लिए अफगानिस्तान स्थित आतंकवादियों को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, तालिबान ने इन आरोपों से इनकार किया है।</strong></em></p>
पाकिस्तान सरकार ने अफगानियों समेत सभी अवैध शरणार्थियों को 31 अक्टूबर तक देश छोड़ने का अल्टीमेटम जारी किया है। पाकिस्तान में 17 लाख अवैध अनुमानित शरणार्थी हैं। पाकिस्तान के इस कदम का अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने विरोध जताया है। इतना ही नहीं, तालिबान की ओर कहा गया है कि पाकिस्तान में हो रहीं आतंकी घटनाओं में अफगान शरणार्थियों का कोई हाथ नहीं है।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच रिश्ते तनावपूर्ण
दरअसल, पाकिस्तान में आतंकियों घटनाओं में इजाफा हुआ है। इसके चलते पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच रिश्ते तनावपूर्ण होते चले जा रहे हैं। पाकिस्तान ने सीमा पार हमलों के लिए अफगानिस्तान स्थित आतंकवादियों को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, तालिबान ने इन आरोपों से इनकार किया है।
अवैध शरणार्थियों पर कार्रवाई का ऐलान
पाकिस्तान में पिछले हफ्ते अफगानिस्तान बॉर्डर के पास बलूचिस्तान में मस्जिद के पास ब्लास्ट हुआ था। इसमें 50 लोगों की मौत हो गई। पाकिस्तान ने बढ़ते आतंकी हमलों के बीच अवैध शरणार्थियों पर कार्रवाई का ऐलान कर दिया। दरअसल, 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद लाखों अफगानी नागरिक भागकर पाकिस्तान आ गए थे।
पाक में करीब 17 लाख अवैध शरणार्थी
पाकिस्तान के गृह मंत्री सरफराज बुगती ने दावा किया है कि उनके देश में करीब 17 लाख अवैध शरणार्थी हैं। उन्होंने कहा, इन लोगों को महीने के अंत तक देश छोड़ना होगा। चाहे वे स्वेच्छा से छोड़ें या उन्हें जबरन निकाला जाएगा। बुगती ने कहा कि अगर ये लोग नहीं जाते हैं, तो कानून प्रवर्तन एजेंसियों का इस्तेमाल इन्हें निर्वासित करने के लिए किया जाएगा। उन्होंने देश में अवैध अफगानियों के निजी व्यवसायों और संपत्तियों की पहचान करने और उन्हें जब्त करने के लिए एक टास्क फोर्स का भी ऐलान किया।
दो हफ्तों में 1000 से ज्यादा अफगान हिरासत में
वहीं, पाकिस्तान में अफगान अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय अधिकारियों ने पहले से ही सभी अफगानियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है, चाहें वे अवैध हों या वैध शरणार्थी। उन्होंने दावा किया कि पिछले दो हफ्तों में 1000 से ज्यादा अफगान शरणार्थियों को हिरासत में लिया गया है।
अफगानिस्तान ने किया पलटवार
अफगान अंतरिम सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान सरकार के फैसले को अस्वीकार्य करार दिया। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से अफगान शरणार्थियों के निष्कासन के संबंध में अपनी नीति पर पुनर्विचार करने और शरणार्थियों के स्वेच्छा से चले जाने तक कार्रवाई न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अफगान शरणार्थियों की पाकिस्तान में सुरक्षा संबंधी मुद्दों या आतंकवाद में कोई भागीदारी नहीं है।
What's Your Reaction?