व्हिसल ब्लोअर' एडवर्ड स्नोडेन को मिली रूसी नागरिकता
अमेरिका की खुफिया सूचनाएं सार्वजनिक करने वाले या कहें कि ब्लिसल ब्लोअर एडवर्ड स्नोडेन को रूस की नागरिकता मिल गई है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इससे संबंधित कागजों पर हस्ताक्षर कर दिये हैं। इस आदेश के तहत रूस की नागरिकता चाहने वाले 75 लोगों के आवेदन को मंजूर किया गया है। स्नोडेन भी इन लोगों में से थे। यह आदेश एक सरकारी वेबसाइट पर शेयर किया गया था।
उल्लेखनीय है कि 39 वर्षीय स्नोडेन ने वर्ष 2013 में अमेरिकी की सुरक्षा एजेंसियों से जुड़ी खुफिया जानकारियां लीक कर दी थीं, जिसके बाद दुनिया भर में हंगामा मच गया था। स्नोडेन उस समय अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी के साथ काम कर रहे थे।
जानकारियां लीक करने के बाद स्नोडेन भागकर रूस पहुंच गए थे और तभी से उन्हें वहां शरण मिली हुई है। इसी दौरान स्नोडेन को वर्ष 2020 में स्थायी निवास प्रदान किया गया था। उसी दौरान स्नोडेन ने कहा था कि उन्होंने अपनी अमेरिकी नागरिकता को छोड़े बिना रूसी नागरिकता के लिए आवेदन करने की योजना बनाई है।
अमेरिका के खुफिया अधिकारी वर्षों से स्नोडेन को अमेरिका लाना चाहते थे, ताकि उन पर देश के खिलाफ जासूसी करने का मुकदमा चलाया जा सके. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, स्नोडेन अगर अमेरिका लौटते तो अमेरिकी कानून के हिसाब से उन्हें 30 साल तक की सजा सुनाई जा सकती थी।
What's Your Reaction?