छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में मुठभेड़, 10 नक्सली ढेर

सुरक्षा बलों ने गुरुवार दोपहर गरियाबंद जिले के माटल क्षेत्र के जंगलों में हुई मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की सेंट्रल कमेटी के सदस्य मनोज उर्फ मोडेम बालकृष्ण भी शामिल..

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में मुठभेड़, 10 नक्सली ढेर
नक्सलियों से मुठभेड़ का सांकेतिक चित्र
12-09-2025 - 07:22 AM
12-09-2025 - 07:52 AM

गरियाबंद। सुरक्षा बलों ने गुरुवार दोपहर गरियाबंद जिले के माटल क्षेत्र के जंगलों में हुई मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की सेंट्रल कमेटी के सदस्य मनोज उर्फ मोडेम बालकृष्ण भी शामिल है। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।

यह मुठभेड़ बुधवार रात से चल रहे अभियान के दौरान हुई थी। सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि बालकृष्ण अपने अन्य सशस्त्र साथियों के साथ इलाके में छिपा हुआ है। जानकारी के आधार पर गरियाबंद जिले की विशेष एंटी-नक्सल फोर्स ‘एलीट 30’, स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की कमांडो बटालियन फॉर रिजोल्यूट एक्शन (कोबरा) की संयुक्त टीम ने अभियान शुरू किया।

आईजी अमरेश मिश्रा ने बताया, “दोपहर में मुठभेड़ शुरू हुई। माओवादियों ने हमारी टीम पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी शाम तक चली। मुठभेड़ खत्म होने के बाद तलाशी अभियान में शव बरामद किए गए। उनकी पहचान की जा रही है। मौके से ऑटोमैटिक हथियार समेत कई हथियार भी बरामद हुए हैं। सभी जवान सुरक्षित हैं, लेकिन सतर्कता बरती जा रही है क्योंकि अक्सर नक्सली वापसी के दौरान आईईडी (विस्फोटक) से हमला करते हैं।”

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जिस स्थान पर मुठभेड़ हुई वह घने जंगल और पहाड़ी इलाका है, जहाँ पहुँचना बेहद कठिन है। बुधवार रात तेज बारिश और झाड़ियों-नालों के कारण अभियान और भी मुश्किल हो गया था।

अधिकारियों ने पुष्टि की कि कुल 10 नक्सली मारे गए हैं जिनमें बालकृष्ण भी शामिल है। सीसी (सेंट्रल कमेटी) माओवादी संगठन की दूसरी सबसे ऊँची इकाई है, जो पोलित ब्यूरो के ठीक नीचे आती है। बालकृष्ण आंध्रप्रदेश (अविभाजित) का रहने वाला था और कई दशक पहले नक्सल आंदोलन से जुड़ा था।

यह मुठभेड़ मैनपुर थाने के अंतर्गत आने वाले जंगल क्षेत्र में तब हुई जब सुरक्षाबल नक्सल विरोधी अभियान पर निकले थे। आईजी मिश्रा ने बताया, “इस अभियान में एसटीएफ, कोबरा और राज्य पुलिस की अन्य इकाइयाँ शामिल हैं। मौके से मिली जानकारी के अनुसार अब तक 8 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। फिलहाल बीच-बीच में गोलीबारी की आवाजें आ रही हैं।”

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।