सचिन तेंदुलकर ने बीसीसीआई अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर तोड़ी चुप्पी और कहा..

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज़ और पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर ने बीसीसीआई अध्यक्ष बनने की अटकलों को आधिकारिक तौर पर खारिज कर दिया है..

सचिन तेंदुलकर ने बीसीसीआई अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर तोड़ी चुप्पी और कहा..
12-09-2025 - 07:25 AM

नयी दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज़ और पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर ने बीसीसीआई अध्यक्ष बनने की अटकलों को आधिकारिक तौर पर खारिज कर दिया है।

पिछले कुछ दिनों से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि तेंदुलकर मौजूदा अध्यक्ष रोजर बिन्नी की जगह ले सकते हैं। लेकिन एसआरटी स्पोर्ट्स मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से जारी बयान में साफ किया गया कि ऐसी कोई स्थिति नहीं है और इस तरह की अफवाहों पर विराम लगना चाहिए।

बयान में कहा गया, हमारे संज्ञान में आया है कि कुछ रिपोर्ट्स और अफवाहें चल रही हैं जिनमें कहा जा रहा है कि श्री सचिन तेंदुलकर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष पद के लिए विचार किया जा रहा है या उनका नामांकन हुआ है। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि ऐसा कोई घटनाक्रम नहीं हुआ है। हम सभी से आग्रह करते हैं कि इन बेबुनियाद अटकलों पर ध्यान न दें।”

बीसीसीआई अध्यक्ष का पद फिलहाल खाली है। रोजर बिन्नी ने इस साल की शुरुआत में 70 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद इस्तीफा दे दिया था, क्योंकि बीसीसीआई संविधान के मुताबिक कोई भी पदाधिकारी 70 वर्ष से अधिक उम्र तक पद पर नहीं रह सकता। फिलहाल उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला कार्यकारी अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे हैं।

अगली बीसीसीआई वार्षिक आम सभा (एजीएम) में चुनाव होना है। इसी वजह से यह अटकलें तेज हो गई थीं कि तेंदुलकर सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद के लिए चुने जा सकते हैं। दैनिक जागरण की एक रिपोर्ट में भी हाल ही में दावा किया गया था कि भारतीय क्रिकेट का एक महान खिलाड़ी, जिसने रिकॉर्ड तोड़ उपलब्धियां हासिल कीं, इस पद के लिए विचाराधीन है। इससे पहले भी 2019 से पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली और रोजर बिन्नी बीसीसीआई अध्यक्ष रह चुके हैं।

गौरतलब है कि तेंदुलकर ने अब तक कभी कोई प्रशासनिक पद नहीं संभाला है। बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के लिए शर्त है कि उम्मीदवार किसी राज्य क्रिकेट संघ का सक्रिय सदस्य हो। भले ही पूर्व भारतीय खिलाड़ी अपने-अपने राज्य संघ के स्वतः सदस्य बन जाते हैं लेकिन उन्हें बीसीसीआई के पदाधिकारी चुनाव लड़ने के लिए राज्य संघ द्वारा आधिकारिक रूप से नामित किया जाना आवश्यक होता है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।