सीजेआई गवई की मां आरएसएस शताब्दी कार्यक्रम में शामिल होंगी या नहीं, उठा विवाद

भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) भूषण रामकृष्ण गवई की मां के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के विजयादशमी और संगठन की शताब्दी समारोह में शामिल होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यह कार्यक्रम 5 अक्टूबर को महाराष्ट्र के अमरावती जिले में होना..

सीजेआई गवई की मां आरएसएस शताब्दी कार्यक्रम में शामिल होंगी या नहीं, उठा विवाद
01-10-2025 - 05:10 PM

मुंबई। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) भूषण रामकृष्ण गवई की मां के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के विजयादशमी और संगठन की शताब्दी समारोह में शामिल होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यह कार्यक्रम 5 अक्टूबर को महाराष्ट्र के अमरावती जिले में होना है।

आरएसएस ने कथित तौर पर गवई की मां डॉ. कमलताई गवई (स्व. आर.एस. गवई की पत्नी और पूर्व राज्यपाल) को इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। कार्यक्रम अमरावती के किरण नगर स्थित श्रीमती नरसम्मा महाविद्यालय मैदान में होगा।

आरएसएस की शताब्दी समारोह के तहत देशभर में एक लाख से अधिक हिंदू सम्मेलन और हजारों विचार गोष्ठियाँ आयोजित की जाएँगी। इसकी शुरुआत 2 अक्टूबर को नागपुर मुख्यालय में संघ प्रमुख मोहन भागवत के वार्षिक विजयादशमी भाषण से होगी।

आमंत्रण पत्र में कमलताई गवई का नाम छपा और वितरित हुआ। लेकिन दलित, प्रगतिशील और सेक्युलर संगठनों की आलोचना के बाद यह स्पष्ट किया गया कि यह नाम सीजेआई की सहमति के बिना शामिल किया गया। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक पत्र में यह भी कहा गया कि कमलताई अंबेडकरवादी हैं और वह आरएसएस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगी।

विवाद तब और गहरा गया जब कमलताई गवई के दूसरे बेटे राजेंद्र गवई ने एक वीडियो जारी कर कहा कि उनकी मां 5 अक्टूबर को अमरावती के कार्यक्रम में शामिल होंगी
उन्होंने कहा, गवई परिवार के संबंध विभिन्न दलों और विचारधाराओं के नेताओं से हैं लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम उनकी विचारधारा से सहमत हैं। मां ने अमरावती कार्यक्रम का निमंत्रण स्वीकार किया है, जो नागपुर के मुख्य कार्यक्रम (2 अक्टूबर) से अलग है। व्यक्तिगत रिश्ते और राजनीतिक रिश्ते अलग-अलग चीजें हैं। आरएसएस कार्यक्रम में शामिल होना अंबेडकरवादी विचारधारा छोड़ना नहीं है। हम अपनी विचारधारा पर पूरी तरह कायम हैं।”

राजेंद्र गवई ने बचाव में कहा कि उनके परिवार के संबंध अतीत में इंदिरा गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी और गंगाधर फडणवीस (महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पिता) जैसे नेताओं से भी रहे हैं।
उन्होंने कहा, इंदिरा गांधी ने मेरे पिता आर.एस. गवई को मुख्यमंत्री पद की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने कांग्रेस में शामिल होकर अपनी अंबेडकरवादी विचारधारा छोड़ने से इनकार कर दिया। यहां तक कि सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुझे लोकसभा चुनाव का टिकट देने का प्रस्ताव दिया, पर मैंने भी उसी कारण से मना कर दिया।”

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके भाई के भारत के मुख्य न्यायाधीश बनने से नाराज हैं और परिवार के बारे में गलत सूचनाएँ फैला रहे हैं।
राजेंद्र ने कहा, गवई परिवार ने हमेशा सभी का सम्मान किया है, चाहे वे किसी भी विचारधारा या धर्म से जुड़े हों। हम सभी धर्मों का आदर करते हैं।”

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।