चुनाव हलफनामे में जानकारी छिपाने को लेकर ममता बनर्जी के खिलाफ नये कदम उठाने पर विचार कर रहे हैं सुवेंदु

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि वह अपनी पूर्ववर्ती ममता बनर्जी के खिलाफ नयी कानूनी कार्रवाई शुरू करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि 2026 के विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव लड़ते समय ममता बनर्जी ने अपने चुनाव हलफनामों में महत्वपूर्ण जानकारी छिपाई..

चुनाव हलफनामे में जानकारी छिपाने को लेकर ममता बनर्जी के खिलाफ नये कदम उठाने पर विचार कर रहे हैं सुवेंदु
10-11-2026 - 09:40 PM

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि वह अपनी पूर्ववर्ती ममता बनर्जी के खिलाफ नयी कानूनी कार्रवाई शुरू करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि 2026 के विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव लड़ते समय ममता बनर्जी ने अपने चुनाव हलफनामों में महत्वपूर्ण जानकारी छिपाई थी।

अधिकारी ने यह भी कहा कि उस रिटर्निंग ऑफिसर की भूमिका की भी जांच की जाएगी, जिसने जांच (स्क्रूटनी) के दौरान आपत्तियां उठाए जाने के बावजूद बनर्जी के नामांकन पत्रों को स्वीकार कर लिया था। इससे दोनों नेताओं के बीच चल रहे राजनीतिक टकराव में एक नया कानूनी मोर्चा खुल गया है।

उन्होंने कहा, "उन्होंने (ममता ने) अपने चुनाव हलफनामे में कई महत्वपूर्ण विवरण छिपाए हैं। जांच के दौरान कई उम्मीदवारों ने इस संबंध में आपत्तियां उठाई थीं। इसके बावजूद, संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर ने उन आपत्तियों को खारिज कर दिया और उनके नामांकन को मंजूरी दे दी। जांच के दौरान विसंगतियों को ध्यान में नहीं रखा गया।"

अधिकारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "मैं इस मामले पर कानूनी कार्रवाई शुरू करने की योजना बना रहा हूं। इस तरह की बातें बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं।"

उन्होंने कहा कि चुनाव हलफनामों में जानकारी छिपाने वाले उम्मीदवारों के खिलाफ कई अदालती फैसले मौजूद हैं और वह बनर्जी का नामांकन रद्द करने की अपील करते हुए अदालत का रुख करेंगे।

यह प्रस्तावित कदम दोनों नेताओं के बीच बढ़ते राजनीतिक और कानूनी टकराव के बीच सामने आया है, जो लगातार विधानसभा चुनावों में एक-दूसरे के आमने-सामने रहे हैं।

अधिकारी ने 2021 में नंदीग्राम में और फिर 2026 में भवानीपुर में बनर्जी को हराया था।

बाद वाले चुनाव में, राज्य में भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालने से पहले, उन्होंने नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी।

सोमवार को 2013 के एक मामले के सिलसिले में ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर दिल्ली पुलिस द्वारा नोटिस भेजे जाने के बारे में पूछे जाने पर, अधिकारी ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि उन्हें मामले के विवरण की जानकारी नहीं है।

दिल्ली पुलिस का यह नोटिस राष्ट्रीय राजधानी में टीएमसी के एक विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए टकराव से जुड़ा है। खबरों के अनुसार, इसमें लोक सेवकों को उनके कर्तव्यों के निर्वहन में बाधा डालने और अधिकारियों पर हमला करने के आरोपों के अलावा अन्य आरोप शामिल हैं।

पुलिस द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री से उनकी सुविधा के अनुसार किसी समय और स्थान पर पूछताछ किए जाने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।