England beat New Zealand to keep Pakistan’s hopes alive

पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी और टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही इंग्लैंड ने टी20 विश्व कप में अपना दबदबा कायम रखते हुए न्यूज़ीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया..

England beat New Zealand to keep Pakistan’s hopes alive
28-02-2026 - 08:51 AM
22-04-2026 - 05:53 PM

नयी दिल्ली। पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी और टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही इंग्लैंड ने टी20 विश्व कप में अपना दबदबा कायम रखते हुए न्यूज़ीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। इस नतीजे के बाद ग्रुप-2 में दूसरे सेमीफाइनल स्थान के लिए पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड के बीच कड़ी जंग बनी हुई है।

रेहान अहमद और विल जैक्स के बीच नाबाद 44 रनों की साझेदारी ने मैच का रोमांचक अंत सुनिश्चित किया और इंग्लैंड को यादगार जीत दिलाई।

160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम महज 2 रन पर 2 विकेट गंवा बैठी, जहां मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन ने शानदार गेंदबाज़ी की। पिछले मैच में शतक लगाने वाले हैरी ब्रूक ने बल्लेबाज़ी की लय बदली और इंग्लैंड को थोड़ी राहत दिलाई, लेकिन यह ज्यादा देर तक नहीं चली। आठवें ओवर में ग्लेन फिलिप्स ने ब्रूक (26) को आउट कर इस साझेदारी का अंत कर दिया।

मैदान में शानदार कैच पकड़ने के लिए मशहूर ग्लेन फिलिप्स ने एक बार फिर कमाल दिखाया। नौवें ओवर में रचिन रवींद्र की गेंद पर उन्होंने डीप मिडविकेट पर आगे की ओर डाइव लगाकर जमीन से कुछ इंच ऊपर दोनों हाथों से हैरतअंगेज़ कैच लपका और जैकब बेथेल (21) को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद टॉम बैंटन और सैम करन ने 42 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला।

इससे पहले शुक्रवार को कोलंबो में खेले गए टी20 विश्व कप सुपर-8 मुकाबले में इंग्लैंड ने 16 ओवर स्पिन गेंदबाज़ी कर न्यूज़ीलैंड को 159/7 पर रोक दिया। इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुका था, जबकि न्यूज़ीलैंड को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए जीत की ज़रूरत थी।

न्यूज़ीलैंड के ओपनर टिम सिफर्ट और फिन एलन को शुरुआत में जोफ्रा आर्चर की तेज़ गेंदों का सामना करने में परेशानी हुई। आर्चर ने शानदार शुरुआत करते हुए मेडन ओवर फेंका। हालांकि बाद में दोनों ओपनरों ने संभलकर खेलते हुए पावरप्ले में टीम को 54/0 तक पहुंचा दिया। अधिकांश बल्लेबाज़ों को अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन कोई भी उसे बड़ी पारी में नहीं बदल सका।

शीर्ष पर सिफर्ट और एलन के बीच 64 रनों की साझेदारी हुई, जिसे आदिल राशिद ने तोड़ा। राशिद ने सिफर्ट (35) को हवा में धीमी गेंद डालकर आउट किया। अगले ओवर में विल जैक्स ने एलन (29) को पवेलियन भेज दिया। जैक्स ने 2/23 के सर्वश्रेष्ठ आंकड़े दर्ज किए।

श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले रचिन रवींद्र को इस मैच में अतिरिक्त स्पिनर के रूप में टी20 विश्व कप में डेब्यू कर रहे रीहान अहमद ने 11 रन पर आउट किया। अहमद को तेज़ गेंदबाज़ जेमी ओवरटन की जगह टीम में शामिल किया गया था।

ग्लेन फिलिप्स ने 28 गेंदों पर 39 रन बनाए, जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल था। इसके बाद इंग्लैंड ने सिर्फ चार ओवर तेज़ गेंदबाज़ी कराई और स्पिनरों ने लगातार विकेट चटकाए। आर्चर ने 3 ओवर में 24 रन दिए, जबकि सैम करन ने 1 ओवर में 10 रन देकर कोई विकेट नहीं लिया।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह पहला मौका था जब इंग्लैंड ने इतनी अधिक संख्या में स्पिन ओवर फेंके। जहां विल जैक्स सबसे प्रभावशाली गेंदबाज़ रहे, वहीं आदिल राशिद ने 2/28 लेकर टूर्नामेंट में अपने विकेटों की संख्या 11 कर ली और वे इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज़ बन गए। उन्हें रीहान अहमद (2/28) का अच्छा साथ मिला। लियाम डॉसन (1/32) और जैकब बेथेल (0/13) अन्य स्पिन विकल्प रहे।

मिड-इनिंग्स ब्रेक के बाद विल जैक्स ने कहा, हमने कल रात यहां अभ्यास किया था, जिससे हमें परिस्थितियों की जानकारी मिली। बल्लेबाज़ी करें या गेंदबाज़ी, शुरुआती कुछ ओवरों में हालात को समझना और टीम के साथ उसे साझा करना बेहद ज़रूरी है।”

14 ओवर के बाद न्यूज़ीलैंड 123/3 पर आरामदायक स्थिति में था और 170 से ऊपर का स्कोर बनाने की ओर बढ़ रहा था। लेकिन, दूसरे ड्रिंक्स ब्रेक के बाद आदिल राशिद ने पहली ही गेंद पर माइक चैपमैन को आउट कर दिया, जिससे न्यूज़ीलैंड की लय टूट गई।

इसके बाद डेरिल मिचेल (3) आए और लगातार डॉट गेंदें खेलीं, जिससे दबाव बढ़ता चला गया। अच्छी तरह सेट फिलिप्स भी अपनी लय खो बैठे। अंत के ओवरों में कोल मैककॉन्ची (14) ने बड़े शॉट खेलने की कोशिश की और दो चौके लगाने में सफल रहे, लेकिन टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने से चूक गई।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।