पांच देशों की यात्रा: 30 वर्षों में घाना जाने वाले पहले प्रधानमंत्री बने मोदी, राष्ट्रपति महामा ने एयरपोर्ट पर किया गर्मजोशी से स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपनी पांच देशों की यात्रा की शुरुआत की, जिसमें पहला पड़ाव घाना रहा। घाना पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत..
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपनी पांच देशों की यात्रा की शुरुआत की, जिसमें पहला पड़ाव घाना रहा। घाना पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम को 21 तोपों की सलामी और गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
प्रधानमंत्री मोदी 2 से 3 जुलाई तक घाना में रहेंगे। यह दौरा राष्ट्रपति महामा के निमंत्रण पर हो रहा है। घाना, अफ्रीकी यूनियन और इकोनॉमिक कम्युनिटी ऑफ वेस्ट अफ्रीकन स्टेट्स (ECOWAS) का अहम सदस्य है और वैश्विक दक्षिण (Global South) का सम्मानित भागीदार माना जाता है।
विदेश मंत्रालय (MEA) के बयान में कहा गया, "मैं ऐतिहासिक संबंधों को और गहरा करने और निवेश, ऊर्जा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, क्षमतावर्धन और विकास सहयोग जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर खोलने को लेकर उत्साहित हूं। लोकतांत्रिक साझेदार होने के नाते, घाना की संसद को संबोधित करना मेरे लिए सम्मान की बात होगी।”
यात्रा का अगला चरण: त्रिनिदाद एंड टोबैगो
प्रधानमंत्री मोदी 3 से 4 जुलाई तक त्रिनिदाद एंड टोबैगो (T&T) की यात्रा करेंगे। विदेश विभाग यानी MEA के अनुसार, "मैं राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कांगालू से मिलूंगा, जो इस वर्ष प्रवासी भारतीय दिवस की मुख्य अतिथि थीं, और प्रधानमंत्री कमला पर्साड-बेसेसर से भी भेंट करूंगा, जो हाल ही में दूसरी बार पदभार संभाल चुकी हैं। भारतीय मूल के लोग 180 साल पहले पहली बार T&T पहुंचे थे। यह दौरा हमें पारंपरिक वंश और आत्मीय संबंधों को फिर से सशक्त करने का अवसर देगा।”
57 वर्षों में पहली द्विपक्षीय यात्रा: अर्जेंटीना
त्रिनिदाद से प्रधानमंत्री मोदी अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स पहुंचेंगे, जो एक भारतीय प्रधानमंत्री की 57 वर्षों में पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी।
MEA के अनुसार, "अर्जेंटीना, लैटिन अमेरिका में भारत का एक प्रमुख आर्थिक साझेदार है और G20 में करीबी सहयोगी है। मुझे राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के साथ चर्चा का इंतज़ार है, जिनसे मेरी पिछली मुलाकात भी हो चुकी है। हमारी बातचीत कृषि, महत्वपूर्ण खनिज, ऊर्जा, व्यापार, पर्यटन, प्रौद्योगिकी और निवेश जैसे आपसी हितों वाले क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाएगी।”
6–7 जुलाई: रियो डि जेनेरियो में BRICS शिखर सम्मेलन
प्रधानमंत्री मोदी 6-7 जुलाई को ब्राज़ील के रियो डि जेनेरियो में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
MEA का बयान, "BRICS के संस्थापक सदस्य के रूप में भारत इस मंच को उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच सहयोग का महत्वपूर्ण साधन मानता है। हम एक शांतिपूर्ण, न्यायसंगत, लोकतांत्रिक और बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था के लिए प्रयासरत हैं। सम्मेलन के इतर मैं कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात करूंगा। मैं ब्रासीलिया में भी द्विपक्षीय यात्रा पर जाऊंगा, जो लगभग छह दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी। यह राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा के साथ साझेदारी को मजबूत करने का अवसर होगा।”
अंतिम पड़ाव: नामीबिया
प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा का अंतिम चरण नामीबिया होगा, जिसे भारत का एक विश्वसनीय और ऐतिहासिक साझेदार माना जाता है। दोनों देशों के बीच औपनिवेशिक संघर्ष का साझा इतिहास रहा है, और इस दौरे से उस संबंध को और प्रगाढ़ करने का प्रयास होगा।
What's Your Reaction?