तेल, चुनाव और ‘कमांड’: ट्रंप ने वेनेजुएला के भविष्य को लेकर अपनी योजना बताई

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि संयुक्त राज्य अमेरिका वेनेजुएला के साथ युद्ध में नहीं है और फिलहाल वहां चुनाव कराने के लिए दबाव नहीं डालेगा। यह बयान उन्होंने उस सैन्य कार्रवाई के कुछ दिनों बाद दिया है, जिसमें अमेरिकी बलों ने अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को काराकास में एक छापेमारी के दौरान हिरासत में..

तेल, चुनाव और ‘कमांड’: ट्रंप ने वेनेजुएला के भविष्य को लेकर अपनी योजना बताई
06-01-2026 - 11:01 AM

वॉशिंगटन/काराकास। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि संयुक्त राज्य अमेरिका वेनेजुएला के साथ युद्ध में नहीं है और फिलहाल वहां चुनाव कराने के लिए दबाव नहीं डालेगा। यह बयान उन्होंने उस सैन्य कार्रवाई के कुछ दिनों बाद दिया है, जिसमें अमेरिकी बलों ने अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को काराकास में एक छापेमारी के दौरान हिरासत में लिया था। ट्रंप ने तर्क दिया कि मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला को पहले स्थिर करना और उसके बुनियादी ढांचे का पुनर्निर्माण करना जरूरी है।

एनबीसी न्यूज से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि जमीनी हालात ऐसे नहीं हैं कि अगले 30 दिनों में वेनेजुएला में चुनाव कराए जा सकें। उन्होंने कहा, हमें पहले देश को ठीक करना होगा। जब लोग वोट ही नहीं डाल सकते, तो चुनाव नहीं हो सकता।”

तेल से अर्थव्यवस्था को संजीवनी की योजना

ट्रंप ने दावा किया कि वॉशिंगटन की प्राथमिकता वेनेजुएला में बुनियादी व्यवस्था बहाल करने और अर्थव्यवस्था के पुनर्निर्माण की होगी, जिसमें “अमेरिकी तेल कंपनियां” देश के ऊर्जा बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

उन्होंने कहा, हमें देश को फिर से सेहतमंद बनाना होगा,” और यह भी कहा, यह संक्रमणकाल 18 महीनों से भी कम समय में पूरा हो सकता है। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका इस प्रयास के एक हिस्से को सब्सिडी दे सकता है  लेकिन अंततः लागत तेल कंपनियां वहन करेंगी और बाद में अपनी पूंजी की भरपाई करेंगी।

ट्रंप ने कहा, इसमें भारी मात्रा में पैसा खर्च करना होगा। तेल कंपनियां यह पैसा लगाएंगी और बाद में हमें या राजस्व के जरिए इसकी भरपाई की जाएगी।”

हम युद्ध में नहीं हैं’

रिपब्लिकन नेता ट्रंप ने इस दावे को खारिज किया कि अमेरिका वेनेजुएला के साथ युद्ध कर रहा है। उन्होंने कहा, नहीं, हम युद्ध में नहीं हैं। हम उन लोगों के खिलाफ युद्ध में हैं जो ड्रग्स बेचते हैं। हम उन लोगों के खिलाफ युद्ध में हैं जो अपनी जेलें खाली कर हमारे देश में अपराधियों को भेजते हैं, जो अपने नशेड़ियों और मानसिक संस्थानों के लोगों को हमारे देश में भेजते हैं।”

उन्होंने वेनेजुएला के पतन के लिए वहां के नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि उसने अपराध और अस्थिरता का निर्यात किया।

मादुरो की गिरफ्तारी और अंतरिम सरकार

निकोलस मादुरो को काराकास में अमेरिकी छापेमारी के दौरान पकड़ा गया और बाद में न्यूयॉर्क में उनके खिलाफ नार्को-आतंकवाद साजिश और कोकीन आयात साजिश समेत कई आरोपों में पेश किया गया। ट्रंप ने कहा कि अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज अमेरिकी अधिकारियों के साथ सहयोग कर रही हैं लेकिन उन्होंने इस बात से इनकार किया कि मादुरो को हटाने से पहले वॉशिंगटन और रोड्रिगेज के खेमे के बीच कोई संपर्क था।

उन्होंने कहा, नहीं, ऐसा नहीं है,” इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही यह तय किया जाएगा कि रोड्रिगेज पर लगाए गए प्रतिबंध जारी रहेंगे या नहीं।

वेनेजुएला का प्रभारी कौन?’— ट्रंप का जवाब: “मैं”

जब ट्रंप से पूछा गया कि आखिर वेनेजुएला का प्रभारी कौन है, तो उन्होंने एक शब्द में जवाब दिया—
मैं।” ट्रंप ने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो वेनेजुएला के नेतृत्व के साथ संवाद में गहराई से शामिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि रुबियो “स्पेनिश में धाराप्रवाह बात करते हैं” और उनका रिश्ता “काफी मजबूत” रहा है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर सहयोग टूटता है तो अमेरिका दूसरी सैन्य कार्रवाई के लिए भी तैयार है, हालांकि उन्हें नहीं लगता कि इसकी जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा, हम इसके लिए तैयार हैं। हमने इसकी योजना भी बनाई थी।

कांग्रेस की मंजूरी लिए बिना कार्रवाई करने की आलोचना पर ट्रंप ने कहा कि सांसदों को अमेरिकी कदमों की जानकारी थी। उन्होंने कहा, हमें कांग्रेस में अच्छा समर्थन हासिल है,” हालांकि उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया कि किसे क्या और कब जानकारी थी।

राष्ट्रपति भवन के पास फायरिंग

सोमवार देर रात वेनेजुएला के राष्ट्रपति भवन के पास गोलियां चलने की खबर सामने आई। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया कि स्थिति नियंत्रण में है।

सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में आसमान की ओर ट्रेसर गोलियां चलते हुए दिखाई दीं। वीडियो में सुरक्षा बलों के कई सदस्य गोलियों की आवाज के बाद राष्ट्रपति भवन की ओर भागते नजर आए।

सूत्रों के अनुसार, काराकास के मध्य स्थित मिराफ्लोरेस पैलेस के ऊपर अज्ञात ड्रोन उड़ते देखे गए, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने रात करीब 8 बजे (0000 GMT) फायरिंग की। यह घटना मादुरो को हटाए जाने के बाद उनकी उप-राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के कुछ घंटे बाद हुई।

एक स्थानीय निवासी, जो राष्ट्रपति भवन से करीब पांच ब्लॉक दूर रहता है, ने बताया कि गोलियों की आवाजें आईं लेकिन वे शनिवार तड़के हुए हमले जितनी तेज नहीं थीं, जिसने मादुरो की सत्ता को गिरा दिया था। उनके मुताबिक यह घटना करीब एक मिनट तक चली।

नाम न छापने की शर्त पर उस निवासी ने कहा, मेरे दिमाग में सबसे पहले यही आया कि कहीं ऊपर कोई विमान तो नहीं उड़ रहा लेकिन ऐसा नहीं था। मैंने सिर्फ आसमान में दो लाल रोशनियां देखीं। सभी लोग खिड़कियों से बाहर झांककर देख रहे थे कि आखिर क्या हो रहा है।”

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।