6 साल बाद खत्म हुआ हनी सिंह पर विवाद, ‘मखना’ केस से मिली राहत
भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित रैपर यो यो हनी सिंह के लिए बुधवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। मोहाली की नेशनल लोक अदालत ने उनके गाने ‘मखना’ को लेकर दर्ज एफआईआर को छह साल बाद खत्म कर दिया..
मोहाली। भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित रैपर यो यो हनी सिंह के लिए बुधवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। मोहाली की नेशनल लोक अदालत ने उनके गाने ‘मखना’ को लेकर दर्ज एफआईआर को छह साल बाद खत्म कर दिया। महिलाओं के विरुद्ध आपत्तिजनक और अश्लील शब्दों के इस्तेमाल के चलते यह FIR दर्ज की गई थी।
हनी सिंह जो अपने गानों के जरिए लाखों करोड़ों दिलों पर राज करते हैं, उनके गाने सोशल मीडिया पर जबरदस्त धूम मचाते हैं, हनी सिंह का जैसे ही कोई गाना रिलीज होता है, घंटों में मिलियन व्यूज पार कर लेता है, हनी सिंह की फैंस विदेशों के कोने-कोने से हैं।
विवाद की शुरुआत
दिसंबर 2018 में हनी सिंह का गाना ‘मखना’ रिलीज़ हुआ था। इस गाने के कुछ बोलों पर आपत्ति जताई गई कि वे महिलाओं के लिए अपमानजनक और असभ्य हैं। मामला इतना बढ़ा कि 2019 में मोहाली के मट्टौर थाने में एफआईआर दर्ज कर दी गई।
शिकायत उस वक्त पंजाब महिला आयोग की अध्यक्ष रहीं मनीषा गुलाटी और एएसआई लखविंदर कौर ने की थी।
किन धाराओं में दर्ज हुआ केस
एफआईआर में कई गंभीर धाराएँ जोड़ी गई थीं, आईपीसी की धारा 294 (अश्लील कृत्य), धारा 509 (महिला की गरिमा भंग करना), आईटी एक्ट की धारा 67 और Indecent Representation of Women (Prohibition) Act की धारा 6।
इन धाराओं के चलते यह मामला हनी सिंह के करियर पर छाया बनकर मंडराने लगा था।
अदालत में सुनवाई और क्लोजर
मामला अदालत पहुंचा। इस दौरान पुलिस ने जांच पूरी कर क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की। खास बात यह रही कि शिकायतकर्ताओं ने भी अदालत में बयान दिया कि अब उन्हें केस जारी रखने में कोई आपत्ति नहीं है।
साथ ही, गाने को पहले ही CBFC (सेंसर बोर्ड) से प्रमाणन मिल चुका था। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए लोक अदालत ने एफआईआर खत्म करने का आदेश दे दिया।
हनी सिंह के लिए राहत और करियर पर असर
लगातार कानूनी लड़ाई से परेशान हनी सिंह अब खुलकर अपने काम पर ध्यान दे सकेंगे। उनके लिए यह फैसला न सिर्फ कानूनी मुसीबत से छुटकारा है, बल्कि उनके संगीत करियर को भी नई रफ्तार देने वाला है।
What's Your Reaction?