शौर्य का सम्मान: गणतंत्र दिवस पर राजस्थान गृह रक्षा विभाग के दो अधिकारियों को राष्ट्रपति पदक की घोषणा

गणतंत्र दिवस 2026 का अवसर राजस्थान के गृह रक्षा विभाग (होमगार्ड्स) के लिए दोहरी खुशी और गर्व लेकर आया है। विभाग के दो अधिकारियों को उनकी दीर्घकालीन, निष्ठावान और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति सराहनीय सेवा पदक की घोषणा की गई है, वहीं एक अधिकारी को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े द्वारा यह पदक प्रदान कर अलंकृत..

शौर्य का सम्मान: गणतंत्र दिवस पर राजस्थान गृह रक्षा विभाग के दो अधिकारियों को राष्ट्रपति पदक की घोषणा
26-01-2026 - 08:23 AM
22-04-2026 - 05:53 PM

जयपुर। गणतंत्र दिवस 2026 का अवसर राजस्थान के गृह रक्षा विभाग (होमगार्ड्स) के लिए दोहरी खुशी और गर्व लेकर आया है। विभाग के दो अधिकारियों को उनकी दीर्घकालीन, निष्ठावान और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति सराहनीय सेवा पदक की घोषणा की गई है, वहीं एक अधिकारी को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े द्वारा यह पदक प्रदान कर अलंकृत किया जाएगा।

उप समादेष्टा घनश्याम सिंह होंगे सम्मानित

गृह रक्षा विभाग के उप समादेष्टा घनश्याम सिंह को राष्ट्रपति का सराहनीय सेवा पदक राज्य स्तरीय समारोह में महामहिम राज्यपाल द्वारा प्रदान किया जाएगा। सिंह का करियर बेहद साहसिक रहा है; उन्होंने ऑपरेशन पराक्रम में हिस्सा लिया और बिहार के नक्सल प्रभावित गया एवं बांका जिलों में लोकसभा चुनाव के दौरान सफलतापूर्वक कंपनी का नेतृत्व किया। वे पूर्व में महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क से भी सम्मानित हो चुके हैं।

नारणाराम एवं रामकिशोर के लिए राष्ट्रपति पदक की घोषणा

गृह रक्षा विभाग के कम्पनी कमांडर नारणाराम (तत्कालीन प्लाटून कमांडर) सीमा गृह रक्षा दल, बाड़मेर तथा रामकिशोर, प्लाटून कमांडर, गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र, टोंक को गृह रक्षा संगठन में दीर्घकालीन, निष्ठावान एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए महामहिम राष्ट्रपति महोदय द्वारा सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है। इन दोनों अधिकारियों को पदक आगामी निर्धारित अवसर पर प्रदान किया जाएगा।

    नारणाराम ने अपने सेवाकाल में भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा के मोर्चे से लेकर कारगिल युद्ध के दौरान कठिन ऑपरेशनल ड्यूटी तक में अदम्य साहस का परिचय दिया। चुनाव ड्यूटी, कानून-व्यवस्था, प्रशिक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में उनके संगठनात्मक अनुशासन और समर्पण को देखते हुए महामहिम राष्ट्रपति द्वारा इस पदक की घोषणा की गई है।

   प्लाटून कमांडर रामकिशोर ने पूरे सेवाकाल के दौरान उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता और परिणामोन्मुख कार्यशैली का उदाहरण पेश किया है। कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा और विभाग में उनके महत्वपूर्ण योगदान के कारण उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया है।

 SMS स्टेडियम में सजेगा शौर्य का मंच

26 जनवरी 2026 की सुबह सवाई मानसिंह स्टेडियम में जब पुलिस के जांबाजों के साथ गृह रक्षा विभाग के ये अधिकारी भी मंच पर होंगे, तो यह प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा में उनके योगदान को एक नई पहचान देगा। यह सम्मान न केवल इन अधिकारियों की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि राजस्थान होम गार्ड्स के हर उस स्वयंसेवक और अधिकारी का सम्मान है जो विपरीत परिस्थितियों में देश की सेवा में डटा रहता है।

डीआईजी शान्तनु कुमार को राष्ट्रपति पुलिस पदक व आईजी दीपक कुमार व परम ज्योति सहित 16 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पुलिस पदक की घोषणा

केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा गणतंत्र दिवस-2026 की पूर्व संध्या पर डीआईजी शान्तनु कुमार सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक व आईजी दीपक कुमार व परमज्योति सहित 16 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पुलिस पदक प्रदान करने की घोषणा की गयी है। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने इन सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पदको के लिए बधाई दी है।

डीआईजी शांतनु कुमार सिंह को विशिष्ट सेवा का सर्वोच्च राष्ट्रपति पुलिस पदक सम्मान

​प्रदेश में साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और अपनी विशिष्ट कार्यप्रणाली के लिए पहचाने जाने वाले उपमहानिरीक्षक पुलिस साइबर क्राइम शांतनु कुमार सिंह को इस वर्ष के राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजा जाएगा। यह पदक उनकी वर्षों की कठिन मेहनत, ईमानदारी और पुलिसिंग में नवाचारों के प्रति उनके समर्पण का प्रमाण है।

आईजी दीपक कुमार और परम ज्योति सहित 16 अधिकारी पुलिस पदक से अलंकृत

दो आईपीएस अधिकारी सहित प्रदेश के 16 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक के लिए चुना गया है। इनमें महानिरीक्षक पुलिस गृह विभाग दीपक कुमार, महानिरीक्षक पुलिस अपराध शाखा परम ज्योति,  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जैसलमेर रेवन्त दान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, आरपीए, धनपत राज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर सिंह शेखावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बौंली, सवाईमाधोपुर नीलकमल मीणा, पुलिस निरीक्षक सतर्कता जयपुर, सुरेन्द्र यादव, पुलिस निरीक्षक सीआईडी (सीबी) जयपुर स्नेहलता जाट शामिल है।

इसी प्रकार उप निरीक्षक थानाधिकारी गहनोली मोड़ जिला भरतपुर कृष्णवीर सिंह, राजेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक कार्यालय महानिरीक्षक पुलिस कोटा रेंज, हरीशंकर, सहायक उप निरीक्षक सिविल राईट्स पुलिस मुख्यालय उमेश पारीक, सहायक उप निरीक्षक, सीआईडी (एसएसबी), जोन उदयपुर बालू लाल, सहायक उप निरीक्षक कार्यालय पुलिस अधीक्षक जिला-नागौर लक्ष्मीनारायण, सहायक उप निरीक्षक कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जीआरपी, जोधपुर महेन्द्र सिंह, हैड कानिस्टेबल 81, कार्यालय कमाण्डेन्ट एसडीआरएफ जयपुर सत्यवीर, हैड कानिस्टेबल 44, चतुर्थ बटालियन आरएसी, जयपुर (हाल सेवानिवृत्त) को भी पुलिस पदक के लिए चुना गया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।