लाल किला क्षेत्र कार बम धमाका: आत्मघाती हमलावर के सहयोगी की गिरफ्तारी, NIA की बड़ी सफलता
लाल किला क्षेत्र में हुए कार बम धमाके के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने कथित रूप से आत्मघाती हमलावर उमर उन नबी के साथ मिलकर यह भीषण आतंकी हमला रचा ..
नयी दिल्ली। लाल किला क्षेत्र में हुए कार बम धमाके के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने कथित रूप से आत्मघाती हमलावर उमर उन नबी के साथ मिलकर यह भीषण आतंकी हमला रचा था। इस विस्फोट में 13 लोगों की मौत हुई थी।
NIA के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आमिर राशिद अली कश्मीर का निवासी है और जिस कार का इस्तेमाल धमाके में किया गया था, वह उसी के नाम से पंजीकृत थी। एजेंसी ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया।
दिल्ली पुलिस से मामला अपने हाथ में लेने के बाद NIA ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया था। जांच में पता चला कि आमिर, जम्मू-कश्मीर के पंपोर स्थित सांबूरा का निवासी है, और उसने आत्मघाती हमलावर उमर उन नबी के साथ मिलकर इस हमले की साजिश रची थी।
NIA ने बताया कि आमिर कथित तौर पर कार खरीदने की प्रक्रिया में सहायता करने के लिए दिल्ली आया था—उसी कार का बाद में ‘व्हीकल-बोर्न इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED)’ के रूप में इस्तेमाल किया गया।
यह पहला अवसर है जब NIA ने स्पष्ट रूप से उमर उन नबी को ‘आत्मघाती हमलावर’ कहा है, जो 10 नवंबर को लाल किले के पास कार विस्फोट के वक्त स्टेयरिंग पर था। पहली बार एजेंसी ने कार को आधिकारिक रूप से ‘व्हीकल-बोर्न IED’ भी करार दिया है।
फोरेंसिक जांच में पुष्टि हुई कि कार चलाने वाला मृतक व्यक्ति उमर उन नबी, पुलवामा का निवासी था और फरीदाबाद स्थित अल फलाह यूनिवर्सिटी के जनरल मेडिसिन विभाग में सहायक प्रोफेसर था।
NIA ने उमर की एक और गाड़ी जब्त की है, जिसके भीतर से सबूत जुटाने की प्रक्रिया जारी है। अब तक एजेंसी इस मामले में 73 गवाहों से पूछताछ कर चुकी है, जिनमें विस्फोट में घायल लोग भी शामिल हैं।
NIA इस मामले में दिल्ली पुलिस, जम्मू-कश्मीर पुलिस, हरियाणा पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय में जांच आगे बढ़ा रही है।
एजेंसी कई सुरागों पर काम कर रही है ताकि इस पूरे आतंकी षड्यंत्र की गहराई तक पहुंचा जा सके और अन्य शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके।
What's Your Reaction?