प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत में कतर के अमीर ने कहा: ‘पहलगाम हमले के दोषियों को सज़ा दिलाने के भारत के सभी प्रयासों को पूर्ण समर्थन’
कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से टेलीफोन पर बातचीत की और पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत के सभी कार्रवाइयों को "पूर्ण समर्थन" देने का आश्वासन दिया..
नयी दिल्ली। कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से टेलीफोन पर बातचीत की और पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत के सभी कार्रवाइयों को "पूर्ण समर्थन" देने का आश्वासन दिया। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी।
इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कतर के नेता ने पीड़ितों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में एकजुटता प्रकट की।
भारत के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया, "प्रधानमंत्री @narendramodi से आज टेलीफोन पर बातचीत के दौरान, कतर राज्य के अमीर महामहिम शेख तमीम बिन हमद अल-थानी @TamimBinHamad ने भारत के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की और पहलगाम, भारत में सीमा पार आतंकी हमले में जान गंवाने वालों के लिए संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई और दोषियों को सज़ा दिलाने हेतु किए जा रहे सभी प्रयासों का पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।"
बयान के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने शेख तमीम का स्पष्ट समर्थन और एकजुटता का संदेश देने के लिए धन्यवाद किया।
बयान में आगे कहा गया, "दोनों नेताओं ने भारत-कतर रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने और इस वर्ष की शुरुआत में अमीर की राजकीय यात्रा के दौरान लिए गए निर्णयों को लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराई।"
News18 के अनुसार, यह कतर की पहले की संतुलित स्थिति से एक महत्वपूर्ण बदलाव को दर्शाता है। यह कॉल ऐसे समय में और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है जब कुछ मुस्लिम-बहुल देश पाकिस्तान के साथ खड़े नज़र आ रहे हैं।
जहाँ एक ओर अमीर ने पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार से भी बातचीत की, वहाँ यह डार की ओर से की गई पहल थी और उन्होंने कतर को जानकारी दी; इसके विपरीत भारत को स्वयं अमीर का सीधा फोन कॉल प्राप्त हुआ जो भारत-कतर के नए रणनीतिक संबंधों की मजबूती को दर्शाता है, ऐसा News18 की रिपोर्ट में कहा गया है।
कतर के अमीर का भारत के प्रति यह समर्थन उस समय आया है जब दोनों देशों ने इस वर्ष की शुरुआत में अमीर की भारत यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक स्तर तक उन्नत किया था।
What's Your Reaction?