"वहाँ से गोली चलेगी तो यहाँ से गोला चलेगा": मोदी और उनकी टीम का पाकिस्तान को सख्त संदेश

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और जारी ऑपरेशन सिंदूर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सशस्त्र बलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पाकिस्तान की हर कार्रवाई का जवाब और भी अधिक ताकत से दिया जाए

"वहाँ से गोली चलेगी तो यहाँ से गोला चलेगा": मोदी और उनकी टीम का पाकिस्तान को सख्त संदेश
12-05-2025 - 08:52 AM

नयी दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और जारी ऑपरेशन सिंदूर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सशस्त्र बलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पाकिस्तान की हर कार्रवाई का जवाब और भी अधिक ताकत से दिया जाए, यह जानकारी सरकारी सूत्रों ने दी है।

सूत्रों ने बताया, "ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री ने सेना से कहा कि गोली का जवाब तोप से दिया जाएगा। वहां से गोली चलेगी, तो यहां से गोला चलेगा"

भारतीय सशस्त्र बल पाकिस्तान की ड्रोन और मिसाइल हमलों का जवाब दे रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर, जो कि पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया गया था, अभी तक समाप्त नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि सीमा पार आतंकवाद के प्रति भारत के रुख में अब एक 'नई सामान्य स्थिति' (New Normal) बन गई है, जिसमें नियंत्रण रेखा (LoC) पर उल्लंघनों का जवाब सटीक और गहन हमलों से दिया जा रहा है।

हालाँकि शुरुआत में तनाव कम करने के लिए पर्दे के पीछे बातचीत की कोशिश हुई, जिसमें 10 मई को पाकिस्तानी सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) ने भारतीय समकक्ष से संपर्क किया  लेकिन समझौते के कुछ घंटों बाद ही उसका उल्लंघन कर दिया गया। सूत्रों ने बताया कि भारत ने पाकिस्तान के 11 वायुसेना अड्डों को निशाना बनाया।

सूत्रों के मुताबिक, भारत का रुख स्पष्ट है, यदि पाकिस्तान उकसाएगा, तो जवाब जबरदस्त होगा। भारत ने पहले भी स्पष्ट किया है कि अब कोई भी आतंकी कार्रवाई युद्ध की कार्रवाई’ मानी जाएगी। सरकार के सूत्रों ने कहा, "7 मई को आतंकवाद के ढांचों पर किए गए हमलों के बाद पाकिस्तान की हर प्रतिक्रिया का मजबूती से जवाब दिया गया। पाकिस्तान फायरिंग करेगा, तो भारत और ज्यादा ताकत से जवाब देगा।"

ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने पाकिस्तानी सीमा के भीतर गहरे हमले किए हैं जिनमें मुरीदके, बहावलपुर, और रहिम यार खान एयरबेस की रनवे को तहस-नहस करना शामिल है।

सूत्रों ने बताया, "9 और 10 तारीख को पाकिस्तान ने 26 जगहों को निशाना बनाया, लेकिन हमने उन्हें बेहद ज़ोरदार तरीके से जवाब दिया. खासतौर पर उनके एयरबेस पर।"

भारत ने वैश्विक समुदाय को भी स्पष्ट रूप से बता दिया है कि आतंकी हमलों के पीड़ितों और आतंकियों को एक जैसा नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा, "बराबरी का रवैया नहीं चलेगा।" सूत्रों ने कहा, "पहलगाम हमले का बदला लिया गया है, ऑपरेशन सिंदूर का यही मकसद था। हम तुम्हें मारेंगे और तुम्हें तुम्हारे दिल में मारेंगे। जो भी भारत में आतंकवाद में शामिल था, वो हमारी नजर से ओझल नहीं है।"

भारत ने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) स्तर पर पाकिस्तान से कोई बातचीत नहीं हो रही है। सूत्रों ने कहा, "भारत और पाकिस्तान के NSA के बीच कोई बातचीत नहीं हो रही है। केवल DGMO स्तर पर बात हुई है।"

यह पाकिस्तानी DGMO ही थे जिन्होंने शनिवार दोपहर 1 बजे सीज़फायर वार्ता का अनुरोध किया और 3:35 बजे भारतीय DGMO के साथ बातचीत हुई। अधिकारियों ने कहा कि यह कारगिल युद्ध के बाद की पाकिस्तान की रणनीति जैसी ही है.. पहले हमला करना और फिर अमेरिका के पास जाना।

भारत ने कूटनीतिक स्तर पर भी अपनी मुहिम तेज कर दी है। सूत्रों ने बताया, "पहलगाम हमले के बाद हमने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को साफ बता दिया कि हम पाकिस्तान में आतंक के ठिकानों को निशाना बनाएंगे।"

अगले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र की 1267 प्रतिबंध समिति (Sanctions Committee) की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें भारत पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद को समर्थन देने के सबूत पेश करेगा। उन्होंने कहा, "दुनिया की आंखें खुली हैं। हम हर सबूत लेकर जाएंगे।"

सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) पर भारत ने कहा कि सीमा पार आतंकवाद समाप्त होने तक संधि स्थगित रहेगी। एक अधिकारी ने कहा, "जब हम बनाएंगे (डैम), तो तुम्हें भी साथ लेकर चलेंगे... और अपने बैग तैयार रखना।"

अंत में भारत ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान से केवल एक ही बातचीत होनी है — PoK को भारत को सौंपना और भारत में आतंकी हमलों के ज़िम्मेदारों को पकड़वाना। सूत्रों ने जोड़ा, "भारत का रुख अटल है और इसके अलावा कोई अन्य संवाद नहीं होगा।"

ऑपरेशन सिंदूर फिलहाल जारी, सीजफायर शब्द से परहेज

भारत ने पाकिस्तान के साथ बनी समझ के संदर्भ में 'सीज़फायर' (युद्धविराम) शब्द के इस्तेमाल से परहेज़ किया क्योंकि सूत्रों के मुताबित ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है

22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके जवाब में भारत द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। सरकारी सूत्रों ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। हम एक ‘नई सामान्य स्थिति’ में हैं। यही कारण है कि हम इसे ‘समझौता’ और ‘गोलीबारी की रोक’ कह रहे हैं। पाकिस्तान ने बार-बार सीज़फायर का उल्लंघन किया है।”

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।