ईरान अब परमाणु हथियार बनाने में सक्षम: व्हाइट हाउस की सख्त चेतावनी, ट्रंप जल्द लेंगे सैन्य कार्रवाई पर फैसला
व्हाइट हाउस ने गुरुवार को एक गंभीर चेतावनी जारी करते हुए कहा कि ईरान अब परमाणु हथियार बनाने के लिए आवश्यक सभी चीजें जुटा चुका है और अगर सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई आदेश दे दें, तो वह ..
वॉशिंगटन। व्हाइट हाउस ने गुरुवार को एक गंभीर चेतावनी जारी करते हुए कहा कि ईरान अब परमाणु हथियार बनाने के लिए आवश्यक सभी चीजें जुटा चुका है और अगर सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई आदेश दे दें, तो वह कुछ ही हफ्तों में परमाणु बम बना सकता है।
व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा, “चलिए बिल्कुल स्पष्ट रहें, ईरान के पास अब परमाणु हथियार हासिल करने के लिए सभी ज़रूरी तत्व मौजूद हैं। उन्हें सिर्फ सर्वोच्च नेता के निर्णय की आवश्यकता है।”
लेविट के अनुसार, अगर खामेनेई आदेश देते हैं, तो ईरान “कुछ हफ्तों में” परमाणु हथियार विकसित कर सकता है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति न सिर्फ इज़राइल के लिए, बल्कि अमेरिका और वैश्विक सुरक्षा के लिए भी अस्तित्वगत खतरा बन सकती है।
ट्रंप राजनयिक समाधान के लिए खुले, लेकिन सैन्य विकल्प भी टेबल पर
लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप राजनयिक समाधान के लिए तैयार हैं, लेकिन उनकी मुख्य प्राथमिकता ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है। उन्होंने कहा कि किसी भी समझौते में तेहरान द्वारा यूरेनियम संवर्धन पर पूर्ण प्रतिबंध और उसकी परमाणु क्षमता को नष्ट करना अनिवार्य होगा।
सूत्रों के अनुसार, ट्रंप ईरान के फोर्दो यूरेनियम संवर्धन केंद्र पर सैन्य हमला करने के विकल्प पर भी विचार कर रहे हैं। यह केंद्र एक पहाड़ के नीचे गहराई में स्थित है और माना जाता है कि केवल अमेरिका के विशेष 'बंकर बस्टर' बम ही इसे निशाना बना सकते हैं।
दो सप्ताह में होगा फैसला: व्हाइट हाउस
लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप आगामी दो हफ्तों में यह निर्णय लेंगे कि ईरान पर हमला किया जाए या नहीं। उन्होंने ट्रंप का हवाला देते हुए कहा, “चूंकि ईरान के साथ जल्द ही वार्ता होने की ठोस संभावना है या हो सकती है, राष्ट्रपति दो हफ्तों के भीतर निर्णय लेंगे कि सैन्य कार्रवाई की जाए या नहीं।”
इज़राइल-ईरान तनाव चरम पर
गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार से इज़राइल और ईरान के बीच खुले सैन्य संघर्ष की स्थिति बन चुकी है। इज़राइल ने ईरान के सैन्य और परमाणु ठिकानों, शीर्ष जनरलों और परमाणु वैज्ञानिकों को निशाना बनाते हुए कई हवाई हमले किए हैं।
What's Your Reaction?